3 कारण क्यों IPL 2026 में CSK के लिए संजू सैमसन का ओपनिंग करना सही फैसला है
संजू सैमसन का बतौर ओपनर रिकॉर्ड काफी शानदार है। ओपनिंग करते हुए सैमसन ने 86 टी20 मैचों में 32.39 की औसत और 149.38 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 2,559 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं।

आईपीएल (IPL 2026) के 19वें सीजन में धाकड़ बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से खेलेंगे। फ्रेंचाइजी ने IPL 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन से पहले सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल कर लिया था। उनके बदले CSK ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को RR में भेजा है। चेन्नई के फैंस सैमसन के टीम में आने से काफी ज्यादा खुश हैं।
वहीं, चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वो सैमसन के साथ मिलकर आगमी सीजन में टीम के लिए ओपन करेंगे। वहीं, आयुष म्हात्रे को तीन नंबर पर खेलने को मिलेगा। CSK का सैमसन से ओपन करवाने का फैसला कई कारणों से बिल्कुल सही लगता है। इस आर्टिकल में हम 3 प्रमुख कारणों का जिक्र करेंगे।
3 कारण क्यों IPL 2026 में CSK के लिए संजू सैमसन का ओपनिंग करना सही फैसला है
1. CSK को मिल सकता है सैमसन की फॉर्म का फायदा
दाएं हाथ के बल्लेबाज सैमसन का मौजूदा फॉर्म काफी शानदार है। हाल ही में संपन्न हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने पांच पारियों में 321 रन बनाए थे। इस दौरान सैमसन का औसत 80.25 रहा था और स्ट्राइक रेट लगभग 200 के करीब था। सैमसन लगातार तीन मुकाबलों (वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ) में अर्धशतक जड़ने में कामयाब रहे थे। सैमसन ने जिस कांस्टेंसी और अंदाज में ये पारियां खेलीं थी, वो वाकये काबिलेतारीफ था। CSK की टीम उनकी इस खतरनाक फॉर्म का फायदा उठा सकती है।
2. सैमसन पावरप्ले में मचा सकते हैं धमाल
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का ट्रॉफी न जीत पाने का एक बड़ा कारण, उनके बल्लेबाजों द्वारा पावरप्ले का सही से इस्तेमाल न कर पाना भी था। पावरप्ले में बल्लेबाजों ने लगभग 130 के ही स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। टीम का औसत स्कोर 35-40 के बीच ही रहा था। रचिन रविंद्र, राहुल त्रिपाठी और डेवोन कॉनवे जैसे प्लेयर्स उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना पाए। इसी वजह से CSK को मिडिल ऑर्डर में नए-नए बदलाव करते हुए देखा गया था।
सैमसन के ओपनिंग करने से CSK के पावरप्ले में तेजी से रन न बनने की दिक्कत पूरी तरह से दूर हो जाएगी। सैमसन ने बतौर ओपनर 86 टी20 मैचों में 32.39 की औसत और 149.38 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 2,559 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं।
3. गायकवाड़-सैमसन की ओपनिंग जोड़ी से CSK के मिडिल ऑर्डर को मिलेगी मजबूती
सैमसन और गायकवाड़ दोनों मंजे हुए खिलाड़ी हैं। IPL 2026में संजू सैमसन का CSK कैंप में आना एक बड़ा बूस्ट साबित हुआ है, क्योंकि अब गायकवाड़ को लगता है कि वह वापस ओपनिंग स्लॉट पर जा सकते हैं, जहां अगर इन दोनों में से कोई एक जल्दी पवेलियन लौटता, तो CSK पावरप्ले का फायदा उठाने के लिए दूसरे ओपनर पर भरोसा कर सकती है। इससे मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों पर ज्यादा दबाव भी नहीं आएगा।




