3 कारण, क्यों मुंबई इंडियंस हार्दिक पंड्या को करना चाहती है ट्रेड
आईपीएल की 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पंड्या 2024 से कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन उनकी कप्तानी में सही नतीजे नहीं आने से अब फ्रेंचाइजी रिलीज करने का विचार कर रही हैं।

Why Mumbai Indians want to trade Hardik Pandya: इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन से पहले इन दिनों ट्रेड की खबरों ने खूब जोर पकड़ा है। पिछले ही दिनों ऋषभ पंत और कुलदीप यादव का बहुत बड़ा ट्रेड देखने को मिला था और अब मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या की अदला-बदली की चर्चा जोरों पर है। जिस खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी ने करोड़ों रुपये खर्च कर गुजरात टाइटंस से वापस लाया था, अब उसी को ट्रेड करने की तैयारी दिख रही है।
सवाल ये है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि मुंबई इंडियंस अपने कप्तान को ही छोड़ने के बारे में सोच रही है? ऐसा क्या हुआ कि इस वक्त दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स में शुमार हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस अपनी टीम से बाहर करना चाहती है। तो चलिए इस खास आर्टिकल में हम आपको बताएंगे वो 3 सबसे बड़े कारण, जिनकी वजह से मुंबई इंडियंस हार्दिक पंड्या को ट्रेड करने पर विचार कर सकती है।
यह भी पढ़े- भारत बनाम श्रीलंका: टेस्ट में भारत के श्रीलंका के खिलाफ 3 सबसे बड़े स्कोर
#1. कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर खराब प्रदर्शन
हार्दिक पंड्या पर मुंबई इंडियंस ने 2023 आईपीएल के बाद बहुत बड़ा दांव मारा था और उन्हें गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था। हार्दिक को इसके बाद टीम का कप्तान बनाया गया, लेकिन बतौर कप्तान से लेकर एक खिलाड़ी के तौर पर इस ऑलराउंडर का प्रदर्शन काफी खराब रहा। उन्होंने बतौर कप्तान इस टीम के लिए 3 सीजन में 39 मैच में सिर्फ 15 में जीत दिलायी और 24 मैचों में मात खानी पड़ी। तो वहीं बल्लेबाज के रूप में हार्दिक ने 35 पारियों में केवल 646 रन बनाए इसके साथ ही गेंदबाजी में 29 विकेट ले सके।
#2. टीम के सीनियर खिलाड़ियों से तालमेल में कमी
हार्दिक पंड्या की कप्तानी के दौरान मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम का माहौल भी लगातार चर्चा में रहा। टीम के कई सीनियर खिलाड़ियों के साथ उनके तालमेल को लेकर अलग-अलग तरह की खबरें सामने आईं। कप्तानी में बदलाव के बाद फैंस की नाराजगी भी देखने को मिली और टीम के भीतर एकजुटता को लेकर सवाल उठे। हालांकि, इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि कभी नहीं हुई, लेकिन मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तालमेल और टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। ऐसे में माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट अब ऐसा कप्तान चाहता है जो सीनियर और युवा खिलाड़ियों के बीच बेहतर संतुलन बनाकर ड्रेसिंग रूम का माहौल मजबूत कर सके।
#3. हार्दिक के बदले दूसरी टीमों से मिल सकते हैं बड़े खिलाड़ी
हार्दिक पंड्या को ट्रेड करने की सबसे बड़ी वजह सिर्फ उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि बदले में मिलने वाला फायदा भी हो सकता है। अगर मुंबई इंडियंस हार्दिक को ट्रेड विंडो में उतारती है, तो उसके पास किसी दूसरी फ्रेंचाइजी से एक या उससे ज्यादा बड़े मैच विनर खिलाड़ियों को हासिल करने का मौका होगा। ऐसे खिलाड़ी जो टीम की बल्लेबाजी, गेंदबाजी या फिनिशिंग को और मजबूत बना सकें। यानी एक स्टार ऑलराउंडर के बदले मुंबई अपनी टीम की कई कमजोरियों को दूर करने की रणनीति अपना सकती है। यही कारण है कि अगर सही ट्रेड ऑफर मिलता है, तो फ्रेंचाइजी इस बड़े फैसले पर विचार कर सकती है।




