3 तेज गेंदबाज जिन्हें जसप्रीत बुमराह के श्रीलंका दौरे से बाहर होने पर टीम इंडिया में मिल सकता है मौका
श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह के खेलने पर संशय की स्थिति है। जानिए अगर बुमराह फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह किन 3 तेज गेंदबाजों को मौका मिल सकता है।

Jasprit Bumrah's replacements for Sri Lanka Tour: 15 अगस्त से भारत को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज की अहमियत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होने के कारण काफी ज्यादा है। भारत की नजर WTC फाइनल में जगह बनाने पर है, जिसके कारण हर एक मुकाबला काफी अहम है। यही कारण है कि श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहेगी लेकिन इस बीच जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर आए अपडेट ने टेंशन बढ़ा दी है।
दरअसल, जसप्रीत बुमराह को कार्डिफ में 16 जुलाई को खेले गए वनडे मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं घुटने में चोट लग गई थी। इस इंजरी के कारण उन्होंने 19 जुलाई को लॉर्ड्स में सीरीज का अंतिम मैच भी नहीं खेला था। वहीं, अब जानकारी सामने आई है कि बुमराह को 30 जुलाई तक आराम की सलाह दी गई है और फिर वो आगे अपनी चोट की जांच एवं रिहैब संबंधी प्लानिंग के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर जसप्रीत बुमराह का रिहैब समय पर नहीं हुआ तो फिर उन्हें श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि आगे कई अहम सीरीज होनी हैं। वहीं, अगले साल वनडे वर्ल्ड कप भी है। इसी वजह से बुमराह को लेकर कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता है। चलिए आपको बताते हैं कि कौन से वो 3 तेज गेंदबाज हैं, जो बुमराह के श्रीलंका दौरे से बाहर होने पर टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह पा सकते हैं।
1. गुरनूर बरार
पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को जसप्रीत बुमराह को रिप्लेस करने का सबसे मजबूत दावेदार कहा जा सकता है। बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ आराम दिया गया था तो गुरनूर को स्क्वाड में जगह मिली थी। हालांकि, श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए बुमराह की वापसी की संभावना को देखते हुए उन्हें बाहर किए जाने की उम्मीद थी लेकिन अब उनके लिए मौका बन सकता है। इस खिलाड़ी ने अभी तक अपना टेस्ट डेब्यू नहीं किया है लेकिन 19 फर्स्ट क्लास मैचों में 62 विकेट ले चुके हैं।
2. आकिब नबी
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी भी विकल्प के रूप में मौजूद हैं। नबी ने रेड बॉल में काफी प्रभावित किया है। उन्होंने पिछले दो रणजी सीजन में पेसर्स में सबसे ज्यादा विकेट भी झटके हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ आकिब को इग्नोर किए जाने पर कई दिग्गजों ने हैरानी जाहिर की थी, वहीं फैंस नाराज नजर आए थे। ऐसे में उन्हें जसप्रीत बुमराह के फिट न होने की स्थिति में श्रीलंका दौरे के लिए चुना जा सकता है।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे दौरे पर अभिषेक शर्मा पूरी तरह फ्लॉप, तीसरे टी20 में भी नहीं चला बल्ला; अब टीम से होंगे बाहर?
3. मोहम्मद शमी
जसप्रीत बुमराह के श्रीलंका दौरे से बाहर होने पर अगर चयनकर्ताओं ने युवा तेज गेंदबाज के बजाय किसी अनुभवी पर भरोसा जताना चाहा तो फिर मोहम्मद शमी की किस्मत चमक सकती है। शमी को टेस्ट में 2023 से मौका नहीं मिला है लेकिन श्रीलंका दौरे के लिए बुमराह के रिप्लेसमेंट के रूप में मौका पा सकते हैं। शमी एक मैच विनर हैं और उनकी काबिलियत से सभी वाकिफ हैं।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




