T20I करियर की पहली ही पारी में नहीं खुला खाता! ये 4 भारतीय बल्लेबाज डेब्यू मैच में हुए डक का शिकार
भारतीय क्रिकेट टीम आज टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की सबसे चर्चित टीमों में से एक है। 3 बार की वर्ल्ड चैंपियन भारत के कुछ ऐसे दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं, जो इस फॉर्मेट में डेब्यू मैच पर खाता नहीं खोल पाए थे।

Duck on T20I debut for India: हर क्रिकेटर चाहता है कि जब पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट के मैदान पर उतरे, तो उसका नाम हमेशा एक शानदार शुरुआत के साथ याद किया जाए। लेकिन क्रिकेट की यही खूबसूरती है कि यहां सपनों की शुरुआत हमेशा वैसी नहीं होती, जैसी कोई खिलाड़ी सोचता है। कभी पहली ही पारी में बल्ला खामोश हो जाता है, कभी दबाव इतना भारी पड़ता है कि स्कोरबोर्ड पर रन का खाता तक नहीं खुलता।
भारतीय क्रिकेट में भी कुछ ऐसे बल्लेबाज रहे हैं, जिनके लिए T20 इंटरनेशनल की पहली पारी किसी बुरे सपने से कम नहीं थी। इंटरनेशनल कैप मिली, उम्मीदें थीं और फैंस की नजरें थीं… लेकिन बल्ले से निकला सिर्फ ‘0’। तो आखिर कौन हैं वो चार भारतीय बल्लेबाज, जिनके T20I करियर की शुरुआत डक से हुई?
#1. महेंद्र सिंह धोनी (2007)
इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम महेंद्र सिंह धोनी का है। आज जिस खिलाड़ी को दुनिया भारत के सबसे सफल कप्तानों और बेहतरीन फिनिशरों में गिनती है, उसके T20I करियर की शुरुआत बिल्कुल उम्मीदों के मुताबिक नहीं हुई थी। साल 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धोनी ने भारत के लिए अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला। बल्लेबाजी का मौका आया तो वह महज 2 गेंदों का सामना कर सके और बिना खाता खोले बोल्ड हो गए। हालांकि, इस निराशाजनक शुरुआत के बावजूद धोनी ने आगे चलकर T20 क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई और 2007 में भारत को पहला T20 वर्ल्ड कप भी जिताया।
#2. केएल राहुल (2016)
केएल राहुल का नाम T20 क्रिकेट के शानदार बल्लेबाजों में लिया जाता है, लेकिन इस फॉर्मेट में उनका पहला कदम भी डक के साथ पड़ा था। साल 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ राहुल ने अपना T20I डेब्यू किया। उनसे एक अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन वह अपनी पारी की पहली ही गेंद पर आउट हो गए और गोल्डन डक का शिकार बने। यानी जिस फॉर्मेट में बाद में राहुल ने शतक और कई यादगार पारियां खेलीं, उसी फॉर्मेट में उनका इंटरनेशनल सफर पहली गेंद पर बिना रन बनाए खत्म हुआ था।
#3. पृथ्वी शॉ (2021)
पृथ्वी शॉ के लिए T20I डेब्यू की कहानी तो और भी ज्यादा निराशाजनक रही। साल 2021 में श्रीलंका के खिलाफ उन्हें पहली बार भारत की T20I टीम में मौका मिला। बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरने वाले शॉ से तेज शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन वह पारी की पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इस तरह उनका T20I डेब्यू गोल्डन डक के साथ हुआ। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह रही कि इसके बाद पृथ्वी को भारत की ओर से इस फॉर्मेट में दोबारा खेलने का मौका नहीं मिला। यानी उनकी पहली T20I पारी ही इस फॉर्मेट में आखिरी भी साबित हुई।
#4. अभिषेक शर्मा (2024)
आज अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से T20 क्रिकेट में तहलका मचाने वाले अभिषेक शर्माभी कभी अपने T20I डेब्यू पर खाता नहीं खोल पाए थे। साल 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने भारत के लिए अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखा चुके अभिषेक से इंटरनेशनल डेब्यू पर भी काफी उम्मीदें थीं। लेकिन पहली पारी में वह 4 गेंदों का सामना करने के बावजूद एक भी रन नहीं बना सके और शून्य पर आउट हो गए। हालांकि, उन्होंने इस खराब शुरुआत को ज्यादा देर अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और आगे चलकर T20I क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खास पहचान बना ली।




