वीरेंद्र सहवाग के बेटे का बड़ा धमाका, U19 एशिया कप में तोड़ा यशस्वी जायसवाल का 8 साल पुराना रिकॉर्ड
U19 एशिया कप में भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने जमकर अपना जलवा बिखेरा और उन्होंने यहां रनों का अंबार लगाकर कईं रिकॉर्ड्स ध्वस्त किए।

Aaryavir Sehwag’s U19 Asia Cup Performance: क्रिकेट की दुनिया में एक बार फिर सहवाग का नाम चर्चा में है। मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने भी अपने बल्ले से ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने भारतीय क्रिकेट में उनकी पहचान और मजबूत कर दी है। अंडर-19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर ने रनों का अंबार लगाते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
U19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग बने सबसे बड़े स्कोरर
दरअसल, आर्यवीर सहवाग ने इस टूर्नामेंट में 5 मैचों में 361 रन बनाकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यशस्वी ने साल 2018 में खेले गए अंडर-19 एशिया कप में 318 रन बनाए थे। उस समय वह इस टूर्नामेंट के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने थे। लेकिन अब आर्यवीर ने उनसे 43 रन ज्यादा बनाकर यह उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
आर्यवीर सहवाग का पूरे टूर्नामेंट में चला बल्ला
आर्यवीर की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ-साथ बड़ी पारियां खेलने का दम भी नजर आया। खासतौर पर यूएई के खिलाफ खेली गई 160 रनों की पारी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस पारी में उन्होंने 168 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौके और 7 छक्के लगाए थे। इसके बाद से ही आर्यवीर की बल्लेबाजी की चर्चा क्रिकेट जगत में तेज हो गई।
U19 एशिया कप में एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड उन्मुक्त चंद के नाम
हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो आर्यवीर अभी भी एक बड़े रिकॉर्ड से पीछे हैं। इस सूची में उनसे आगे पूर्व भारतीय अंडर-19 कप्तान उन्मुक्त चंद मौजूद हैं। उन्मुक्त ने साल 2012 के अंडर-19 एशिया कप में 370 रन बनाए थे। यानी आर्यवीर को इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने के लिए उनसे आगे निकलना होगा।
कुल मिलाकर आर्यवीर सहवाग ने अपने प्रदर्शन से साफ कर दिया है कि वह सिर्फ एक दिग्गज क्रिकेटर के बेटे के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी बल्लेबाजी के दम पर भी पहचान बनाने की काबिलियत रखते हैं। अब क्रिकेट फैंस की नजरें उनके अगले प्रदर्शन पर रहेंगी।




