जिस रिकॉर्ड को देखकर दुनिया करती थी शेन वॉर्न को सलाम, अब जाम्पा ने उस पर लिख दिया अपना नाम
इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के पूर्व दिवंगत स्पिन गेंदबाज शेन वॉर्न का दबदबा रहा था। उन्होंने वनडे फॉर्मेट में भी कईं बड़े कीर्तिमान अपने नाम किए थे।

Shane Warne's special record broken: शेन वॉर्न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया ही नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास के उन महान गेंदबाजों में शुमार रहे, जिनके नाम दर्ज रिकॉर्ड्स को छूना भी किसी सपने से कम नहीं था। अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को नचाने वाले वॉर्न ने कई सालों तक रिकॉर्ड्स की दुनिया पर राज किया। लेकिन क्रिकेट में वक्त बदलता है और एक दिन वो रिकॉर्ड भी टूटते हैं, जिन्हें कभी अटूट समझा जाता था।
शेन वॉर्न का टूटा एक खास रिकॉर्ड
अब ऑस्ट्रेलिया के एक मौजूदा स्पिनर ने ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है। वनडे क्रिकेट में 200 विकेट का आंकड़ा छूते ही उन्होंने न सिर्फ इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया, बल्कि एक ऐसा बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जिस पर लंबे समय तक शेन वॉर्न का दबदबा रहा था।
शेन वॉर्न के रिकॉर्ड पर एडम जम्पा का कब्जा
ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए दूसरे वनडे में एडम जम्पा ने भले ही सिर्फ 2 विकेट चटकाए, लेकिन इन दो सफलताओं ने उनके नाम क्रिकेट इतिहास का एक बड़ा अध्याय लिख दिया। जिम्बाब्वे के खिलाफ 9 ओवर में 62 रन देकर 2 विकेट लेने वाले जम्पा ने अपने वनडे करियर के 200 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न का एक बड़ा रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। वॉर्न ने 125 वनडे मुकाबलों में 200 विकेट पूरे किए थे, जबकि जम्पा ने यह उपलब्धि 123वें वनडे में हासिल कर ली। यानी जम्पा ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से वॉर्न से दो मैच पहले यह मुकाम हासिल करते हुए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
जम्पा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज 200 वनडे विकेट का रिकॉर्ड किया अपने नाम
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि शेन वॉर्न लंबे समय तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजी के सबसे बड़े नामों में शामिल रहे। लेकिन अब वनडे क्रिकेट में 200 विकेट तक सबसे तेजी से पहुंचने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज का नाम एडम जम्पा है। दिलचस्प बात यह है कि जम्पा ने इस रिकॉर्ड को महज 123 मैचों में हासिल किया, जो उनकी निरंतरता और ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे क्रिकेट में उनके प्रभाव को दिखाता है। पिछले कुछ समय से जम्पा टीम के लिमिटेड ओवर्स सेटअप का अहम हिस्सा रहे हैं और अब 200 विकेट के क्लब में शामिल होकर उन्होंने अपने करियर की एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़े- IPL 2027 Auction: सामने आ गई मिनी ऑक्शन की तारीख, इस दिन लगेगी खिलाड़ियों पर करोड़ों की बोली!
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज सकलैन मुश्ताक के नाम है वनडे में सबसे तेज 200 विकेट का कमाल
हालांकि, दुनिया के सबसे तेज 200 वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में जम्पा अभी तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे पाकिस्तान के सकलैन मुश्ताक और अफगानिस्तान के राशिद खान मौजूद हैं। सकलैन मुश्ताक ने सिर्फ 104 वनडे मैचों में 200 विकेट पूरे किए थे, जबकि राशिद खान ने 115वें मैच में यह कारनामा किया। जम्पा ने 123 मैचों में यह आंकड़ा छुआ है। यानी शेन वॉर्न का ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड तोड़ने के साथ-साथ जम्पा अब एक ऐसी खास सूची का हिस्सा बन गए हैं, जिसमें दुनिया के दिग्गज स्पिन गेंदबाज शामिल हैं।




