भारत के लिए T20I में 100+ विकेट लेने वाले 4 गेंदबाज, सिर्फ एक ही स्पिनर!
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम के लिए अब तक टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ 4 गेंदबाजों ने ही 100 या उससे ज्यादा विकेट झटके हैं लेकिन इनमें सिर्फ एक ही स्पिनर शामिल है। जानिए पूरी लिस्ट।

100+ T20I Wickets For India: भारत ने अपना पहला टी20 मुकाबला साल 2006 में खेला था। तब इस फॉर्मेट के बारे में भारतीय टीम के साथ-साथ फैंस भी ज्यादा जानकारी नहीं रखते थे। हालांकि, समय के साथ-साथ बदलाव हुआ और कुछ ही सालों में भारत टी20 का गढ़ बन गया। 2007 में सबसे छोटे फॉर्मेट का वर्ल्ड कप जीता और फिर अगले साल बीसीसीआई द्वारा आईपीएल का आगाज हुआ। इन दोनों ही कारणों से यह फॉर्मेट काफी पॉपुलर हो गया। अब तक टीम इंडिया तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीत चुकी है।
यह फॉर्मेट गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल माना जाता है। खासतौर पर पिछले कुछ वर्षों में फ्लैट विकेट और छोटी बाउंड्री का चलन हुआ है। इसके बावजूद काफी सारे गेंदबाज कामयाबी हासिल करने में भी सफल रहे हैं। भारत की तरफ से भी कुछ ऐसे बॉलर हैं, जो विकेटों का शतक लगा चुके हैं। इस आर्टिकल में हम ऐसे ही 4 भारतीय गेंदबाजों का जिक्र करने जा रहे हैं, जिनके नाम 100 या उससे अधिक विकेट दर्ज हैं।
इन 4 भारतीय गेंदबाजों के नाम T20 में हैं 100+ विकेट
4. अक्षर पटेल
भारत की तरफ से T20I में विकेटों का शतक लगाने वाले एकमात्र स्पिनर अक्षर पटेल हैं। बाएं हाथ के खिलाड़ी ने 2015 में सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। शुरूआती कुछ सालों में अक्षर को लगातार मौके नहीं मिले लेकिन जब से रवींद्र जडेजा ने संन्यास लिया, तब से लगातार खेलते नजर आ रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में अक्षर ने विपक्षी कप्तान हैरी ब्रूक को अपना 100वां शिकार बनाया। उनके नाम 98 मैचों में 21.59 की औसत से 100 विकेट दर्ज हैं। वहीं, उनका इकॉनमी रेट 7.37 है।
3. हार्दिक पांड्या
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने भारतीय टीम को बल्ले के साथ-साथ कई बार गेंदबाजी से भी मैच जिताया है। इसी वजह से उन्हें इस फॉर्मेट में सबसे बड़े मैच विनर्स में से एक माना जाता है। हार्दिक ने 2016 में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 138 मैच खेले हैं और 27.13 की औसत से 114 विकेट चटका चुके हैं। इस दौरान दाएं हाथ के खिलाड़ी ने 8.34 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं।
2. जसप्रीत बुमराह
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भारत की तरफ से T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। बुमराह ने भी अपना डेब्यू 2016 में किया था। इसके बाद, कुछ ही सालों में गेंदबाजी अटैक की अहम कड़ी बन गए। दिग्गज पेसर ने अभी तक 95 मैचों में 121 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 18.08 और इकॉनमी रेट 6.51 रहा।
1. अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह ने डेब्यू के कुछ सालों में ही भारत के लिए T20I में अपनी खास जगह बना ली और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। बाएं हाथ के पेसर ने कई मौकों पर अकेले ही विपक्षी बल्लेबाजों की कमर तोड़ने का काम किया। अर्शदीप के नाम 88 मैचों में 19.44 की औसत से 134 विकेट दर्ज हैं। उनका इकॉनमी रेट 8.53 है। वहीं, इस लिस्ट में अर्शदीप इकलौते गेंदबाज हैं, जिनके नाम एक 5 विकेट हॉल है।
यह भी पढ़ें: IPL 2027: RCB के 5 खिलाड़ी, जिन्हें किया जा सकता है रिलीज
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




