100वीं सालगिरह पर BCCI का बड़ा धमाका! भारत से भिड़ेगी World XI, मैदान पर दिखेंगे दुनिया के दिग्गज
दुनिया के सबसे धनी और सबसे हाई प्रोफाइल क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई की स्थापना 1 दिसंबर 1928 को हुई थी। उनकी 100वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक मौके पर बोर्ड भारतीय क्रिकेट टीम और वर्ल्ड इलेवन के बीच ब्लॉकबस्टर मैच का प्लान तैयार कर रही है।

Blockbuster match on BCCI's 100th anniversary: क्रिकेट के मैदान पर भारत और दुनिया के दिग्गजों की टक्कर तो आपने कई बार देखी होगी, लेकिन इस बार कहानी सिर्फ एक मुकाबले की नहीं है। इसके पीछे जुड़ी है भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI की 100 साल पुरानी विरासत। जिस संस्था ने भारतीय क्रिकेट को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बोर्ड तक पहुंचाया, अब उसकी स्थापना के 100 साल पूरे होने के मौके पर एक ऐसा ब्लॉकबस्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसने क्रिकेट फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। आखिर BCCI अपनी सेंचुरी पर क्या बड़ा करने जा रहा है और भारत के सामने कौन उतरेगा?
बीसीसीआई के 100वीं वर्षगांठ ब्लॉकबस्टर मैच
क्रिकेट फैंस के लिए BCCI की 100वीं वर्षगांठ से जुड़ी एक बड़ी और रोमांचक खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट बोर्ड अपनी स्थापना के 100 साल पूरे होने के मौके पर भारत इलेवन बनाम रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड इलेवन मुकाबले के आयोजन की योजना बना रहा है। अगर यह मुकाबला होता है, तो एक तरफ टीम इंडिया और दूसरी तरफ दुनिया के चुनिंदा दिग्गज खिलाड़ियों की टीम नजर आ सकती है।
भारत वर्सेज वर्ल्ड इलेवन के बीच हो सकता है वनडे मुकाबला
फिलहाल मैच के फॉर्मेट को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसे वनडे फॉर्मेट में कराने पर विचार किया जा सकता है। इसकी एक बड़ी वजह विराट कोहली और रोहित शर्मा भी हैं, जो टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में वनडे फॉर्मेट होने पर दोनों दिग्गजों के इस खास मुकाबले का हिस्सा बनने की संभावना बनी रहेगी।
दुनिया के सुपरस्टार्स करेंगे रोहित-विराट की टीम इंडिया का सामना
अगर भारत और रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड इलेवन के बीच वनडे मुकाबला होता है, तो यह क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास मुकाबला बन सकता है। एक तरफ टीम इंडिया और दूसरी तरफ दुनिया के अलग-अलग देशों के दिग्गज खिलाड़ी एक ही टीम में नजर आएंगे। ऐसे मुकाबले में मैदान पर रोमांच और कांटे की टक्कर देखने की उम्मीद की जा सकती है।
दिसंबर 2027 से 2028 तक चलेगा बीसीसीआई की शताब्दी वर्षगांठ का जश्न
दरअसल, मुंबई में हुई सालाना बैठक के बाद BCCI ने बताया कि 2028 में होने वाले शताब्दी समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बोर्ड के मुताबिक, यह जश्न दिसंबर 2027 से शुरू होकर पूरे 2028 तक चलेगा। भारतीय क्रिकेट के 100 साल पूरे होने का यह समारोह कई खास आयोजनों के साथ मनाया जाएगा।
इसी शताब्दी समारोह के दौरान भारत बनाम रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड इलेवन मुकाबला कराने की योजना की खबर सामने आई है। हालांकि, अभी BCCI ने इस मैच की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही तारीख या फॉर्मेट को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने आई है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को इस संभावित महामुकाबले पर आधिकारिक ऐलान का इंतजार रहेगा।




