चेन्नई सुपर किंग्स में नए दौर की शुरुआत? सालों पुराना साथ हुआ खत्म! इस दिग्गज को दिखाया बाहर का रास्ता
आईपीएल 2027 को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स में बदलाव का दौर जारी है। स्टीफन फ्लेमिंग की छुट्टी के बाद अब एक और पुराने दिग्गज का साथ छुट गया है।

Veteran parts ways with Chennai Super King: आईपीएल की 5 बार की चैंपियन रही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में आईपीएल 2027 से पहले बड़े बदलावों का दौर जारी है। फ्रेंचाइजी ने अपने कोचिंग स्टाफ को नए सिरे से तैयार करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। इस फैसले से उस दिग्गज का सफर भी खत्म हो गया है, जो लंबे समय तक टीम की बल्लेबाजी को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता रहा। खास बात यह है कि इस दिग्गज का CSK से रिश्ता सिर्फ कोच तक सीमित नहीं था, बल्कि वह खिलाड़ी के तौर पर भी टीम की कई ऐतिहासिक सफलताओं का हिस्सा रहा है।
चेन्नई सुपर किंग्स का माइक हसी के साथ सालों पुराना रिश्ता खत्म
यह दिग्गज कोई और नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज माइकल हसी हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स ने हसी को अपने कोचिंग स्टाफ से अलग करने का फैसला लिया है और उन्हें इसकी औपचारिक जानकारी भी दे दी गई है। इस फैसले के साथ CSK के साथ उनका आठ साल का कोचिंग कार्यकाल और उससे पहले का खिलाड़ी के रूप में जुड़ाव समाप्त हो गया है।
2008 से इस टीम के साथ बतौर खिलाड़ी किया था सफर शुरू
माइकल हसी पहली बार 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे, जब आईपीएल के पहले सीजन का आयोजन हुआ था। हालांकि, वह 2009 के सीजन में नहीं खेले। इसके बाद 2010 से 2013 तक लगातार चार सीजन CSK का हिस्सा रहे। 2014 में वह मुंबई इंडियंस की ओर से खेले, लेकिन 2015 में फिर चेन्नई की टीम में लौट आए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी तकनीक, निरंतरता और दबाव में शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता से टीम में खास जगह बनाई। CSK के लिए उन्होंने कुल 1,768 रन बनाए और फ्रेंचाइजी के प्रमुख रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे।
हसी के खिलाड़ी के रूप में चेन्नई के साथ जुड़ाव का सबसे खास पहलू उनकी दो आईपीएल खिताबी जीत रहीं। उन्होंने 2010 और 2011 में CSK की चैंपियन टीम का हिस्सा रहते हुए सफलता हासिल की। वह उन विदेशी खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्होंने फ्रेंचाइजी की शुरुआती पहचान और उसकी मजबूत बल्लेबाजी कल्चर बनाने में योगदान दिया।
यह भी पढ़े- T20I के 5 सबसे बड़े रन चेज, हाई स्कोर देखकर आप रह जाएंगे हैरान
2018 में टीम के साथ माइक हसी रहे हैं सपोर्टिंग स्टाफ के अहम सदस्य
2018 में चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल में वापसी की तो माइकल हसी को बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई। दो साल के निलंबन के बाद मैदान पर लौट रही टीम ने अपने पुराने कोर और सपोर्ट स्टाफ पर भरोसा बनाए रखा था। हसी ने मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ मिलकर बल्लेबाजों की तैयारी, तकनीकी सुधार और मैच की परिस्थितियों के मुताबिक रणनीति बनाने में योगदान दिया। उन्होंने 2018 से 2026 तक लगातार आठ साल इस भूमिका में काम किया। इस दौरान CSK ने 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता। इस तरह हसी ने टीम के साथ खिलाड़ी के रूप में दो और कोच के रूप में तीन खिताब जीते।
CSK में बड़े बदलावों के बीच हुई हसी की विदाई
माइकल हसी का जाना चेन्नई सुपर किंग्स में चल रहे बदलावों का हिस्सा है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, फ्रेंचाइजी आईपीएल 2027 से पहले अपने कोचिंग ढांचे को नए सिरे से तैयार कर रही है। स्टीफन फ्लेमिंग की जगह जहीर खान को मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पूर्व गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस की जगह मोहित शर्मा को लाने का फैसला किया गया है। इस बदलाव के बीच फील्डिंग कोच जेम्स फोस्टर का भविष्य भी स्पष्ट नहीं है।




