टेस्ट में 300, ODI में 200 और T20I में 100… दुनिया के सिर्फ 2 बल्लेबाजों ने किया ये ऐतिहासिक कारनामा
इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों ही फॉर्मेट में कुछ ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने खास छाप छोड़ी है। इसमें टेस्ट में 300, ODI में 200 और T20I में 100 का अनोखा कारनामा करने वाले सिर्फ 2 बल्लेबाज रहे हैं।

Rarest record in international cricket: क्रिकेट की दुनिया में कई ऐसे बल्लेबाज हुए हैं, जिन्होंने अपने बल्ले से अनगिनत रिकॉर्ड बनाए और तीनों फॉर्मेट में अपनी बादशाहत साबित की। किसी ने टेस्ट क्रिकेट में रनों का पहाड़ खड़ा किया, तो किसी ने वनडे में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वहीं, टी20 इंटरनेशनल जैसे छोटे फॉर्मेट में शतक लगाना भी हर बल्लेबाज के बस की बात नहीं है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में सिर्फ 2 ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इन तीनों उपलब्धियों को एक साथ हासिल किया है?
टेस्ट में 300 रन, वनडे में 200 रन और टी20 इंटरनेशनल में शतक… यह रिकॉर्ड अपने आप में उनकी असाधारण बल्लेबाजी का सबूत है। क्रिकेट के कई दिग्गज इस मुकाम तक नहीं पहुंच सके, लेकिन इन दो बल्लेबाजों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करा लिया। आखिर कौन हैं ये दो धुरंधर, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में किया यह अनोखा कारनामा?
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम क्रिकेट इतिहास के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में शामिल है। उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। टेस्ट क्रिकेट में गेल ने नवंबर 2010 में श्रीलंका के खिलाफ गॉल में 333 रनों की विशाल पारी खेली थी। इससे पहले अप्रैल 2005 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 317 रन बनाकर टेस्ट में अपना पहला तिहरा शतक लगाया था।
यह भी पढ़े- हैरी ब्रूक ने रचा इतिहास, ODI में जड़ा सबसे तेज दोहरा शतक; 22 दिन में टूट गया शुभमन गिल का वर्ल्ड रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में भी गेल का बल्ला जमकर गरजा। 24 फरवरी 2015 को आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ कैनबरा में उन्होंने महज 147 गेंदों पर 215 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 16 छक्के और 10 चौके लगाए। वहीं, टी20 इंटरनेशनल में गेल ने 11 सितंबर 2007 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 वर्ल्ड कप में 57 गेंदों पर 117 रन बनाए थे। इस पारी में 7 चौके और 10 छक्के शामिल थे। इस तरह गेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अनोखा कारनामा किया।
#हैरी ब्रूक (इंग्लैंड)
इंग्लैंडके कप्तान हैरी ब्रूक ने भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में खास पहचान बनाई है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में 317 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इस दौरान ब्रूक ने जो रूट के साथ चौथे विकेट के लिए 454 रनों की विशाल साझेदारी की थी। उनकी इस पारी ने साबित कर दिया कि वह लंबे फॉर्मेट में भी बड़ी पारियां खेलने की क्षमता रखते हैं।
इसके बाद ब्रूक ने वनडे क्रिकेट में भी इतिहास रच दिया। 22 अक्टूबर 2026 को पाकिस्तान के रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने महज 116 गेंदों पर 202 रन ठोक दिए। वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बने। उनकी इस पारी में 26 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
टी20 इंटरनेशनल में भी ब्रूक ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का कमाल दिखाया। 24 फरवरी 2026 को टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 51 गेंदों पर 100 रन बनाए। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को श्रीलंका के खिलाफ 49 गेंदों पर नाबाद 114 रन की पारी खेलकर अपना ही सर्वश्रेष्ठ स्कोर पीछे छोड़ दिया। इस तरह ब्रूक ने टेस्ट में 317, वनडे में 202 और टी20 इंटरनेशनल में शतक जड़कर क्रिस गेल के खास क्लब में जगह बना ली।




