CSK को मिला नया बॉस! धोनी की टीम ने सौंप दी हेड कोच की जिम्मेदारी, कौन हैं ये दिग्गज?
आईपीएल में 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने स्टीफन फ्लेमिंग के हेड कोच का पद छोड़ने के बाद अपने नए कोच पर अंतिम मुहर लगा दी है। सोमवार को फ्रेंचाइजी ने भारत के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी के कंधों पर जिम्मेदारी सौंपी।

Chennai Super Kings' New Head Coach for IPL 2027: न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग के इस्तीफे के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के अगले हेड कोच को लेकर कई बड़े नामों की चर्चा चल रही थी। हेमांग बदानी से लेकर राहुल द्रविड़, आर अश्विन, दिनेश कार्तिक और ओएन मॉर्गन तक, हर दिग्गज को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। फैंस को उम्मीद थी कि फ्रेंचाइजी किसी बड़े नाम पर दांव खेलेगी, लेकिन सीएसके के फैसले ने हर किसी को चौंका दिया। महेंद्र सिंह धोनी के साथ वर्ल्ड कप जीत चुके उनके एक पुराने साथी को अचानक टीम का नया बॉस बना दिया गया है।
जहीर खान बने चेन्नई सुपर किंग्स के नए हेड कोच
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 के लिए हैरान करने वाला दांव खेलते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के 2011 वर्ल्ड कप चैंपियन के सबसे बड़े नायक में से एक रहे पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। 21 सितंबर, सोमवार की शाम को अचानक ही चेन्नई सुपर किंग्स ने इसका खुलासा कर हर किसी को हैरत में डाल दिया।
स्टीफन फ्लेमिंग को करेंगे रिप्लेस
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव करते हुए भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को आईपीएल 2027 से टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद सीएसके के अगले कोच को लेकर कई बड़े नामों की चर्चा थी, लेकिन फ्रेंचाइजी ने आखिरकार जहीर पर भरोसा जताया। लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट का हिस्सा रहे जहीर अब सीएसके की रणनीति, टीम मैनेजमेंट और आगामी सीजन की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएंगे। फ्लेमिंग के कार्यकाल के बाद जहीर के सामने सीएसके की मजबूत विरासत को आगे बढ़ाने और टीम को एक नए दौर में ले जाने की चुनौती होगी।
यह भी पढ़े- वेस्टइंडीज के खिलाफ होम सीरीज में टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल, वनडे से टी20 तक जानिए हर मुकाबले की तारीख
जहीर खान भारतीय क्रिकेट के दिग्गज गेंदबाजों में शुमार
भारत के महान बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में शुमार जहीर खान का इंटरनेशनल करियर शानदार रहा है। उन्होंने 92 टेस्ट में 311, 200 वनडे में 282 और 17 टी20 इंटरनेशनल में 17 विकेट लिए। 2011 वर्ल्ड कप में जहीर भारत की खिताबी जीत के प्रमुख सितारों में रहे और 21 विकेट के साथ टूर्नामेंट के संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।
मुंबई और लखनऊ के लिए काम कर चुके हैं जहीर खान
संन्यास के बाद जहीर खान ने कोचिंग और टीम मैनेजमेंट में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। 2018 से 2022 तक वह मुंबई इंडियंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन्स रहे, इस दौरान फ्रेंचाइजी ने 2019 और 2020 में लगातार दो आईपीएल खिताब जीते। इसके बाद जहीर लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर की भूमिका में भी नजर आए, जहां उन्होंने खिलाड़ियों और टीम की रणनीति को लेकर अहम जिम्मेदारियां संभालीं।




