CSK vs DC: लगातार तीन हार के बाद चेन्नई की धमाकेदार वापसी, चेपॉक में दिल्ली को हराया; सैमसन का तूफानी शतक
IPL 2026 के 18वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर चेन्नई सुपर किंग्स ने सीजन की पहली जीत दर्ज की। जानिए CSK vs DC मैच का पूरा लेखा-जोखा।

CSK vs DC: IPL 2026 के 18वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की हार का सिलसिला टूटा और लगातार तीन हार के बाद पहली जीत नसीब हुई। चेन्नई ने दिल्ली को 23 रनों से हराया। चेपॉक स्टेडियम में हुए मैच में पहले खेलते हुए चेन्नई की टीम ने 20 ओवर में 212/2 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम अपने सभी विकेट खोकर 20 ओवर में 189 का ही स्कोर बना सकी।
सीएसके की जीत में सबसे अहम भूमिका संजू सैमसन की रही, जिन्होंने पांच बार की चैंपियन टीम के लिए अपना पहला शतक बनाया और अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया।
सैमसन के शतक से CSK ने खड़ा किया विशाल स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में नाबाद 115 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 4 छक्के जड़े और दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। सैमसन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और किसी भी गेंदबाज को सेट नहीं होने दिया।
दूसरी ओर, आयुष म्हात्रे ने भी सैमसन का बेहतरीन साथ निभाया। उन्होंने 36 गेंदों में 59 रन की तेज पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि, म्हात्रे बाद में रिटायर्ड आउट हो गए, लेकिन तब तक CSK का स्कोर काफी आगे बढ़ चुका था।
यह भी पढ़ें: 5 सबसे बड़े टोटल जो IPL में पावरप्ले में बने हैं
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ज्यादा बड़ी पारी नहीं खेल सके और 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शिवम दुबे ने अंत में आकर 10 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया। दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी इस दौरान काफी महंगी साबित हुई और कोई भी गेंदबाज सैमसन को रोक नहीं पाया। कप्तान अक्षर पटेल एकमात्र सफल गेंदबाज रहे, जिन्हें एक विकेट हासिल हुआ।
स्टब्स की फिफ्टी बेकार, दिल्ली 189 पर ढेर
213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 61 रनों की अच्छी शुरुआत के बावजूद मैच में पिछड़ती चली गई और पूरे ओवर खेलने के बावजूद लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और अपने सभी विकेट भी गंवा दिए। ओपनर पथुम निसांका ने 24 गेंदों में 41 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, वहीं केएल राहुल ने भी 18 रन जोड़े, लेकिन दोनों के आउट होते ही टीम की लय बिगड़ गई। मिडिल ऑर्डर में समीर रिज़वी (6) और कप्तान अक्षर पटेल (1) सस्ते में आउट हो गए, जिससे दबाव और बढ़ गया। डेविड मिलर भी 17 रन बनाकर ज्यादा देर टिक नहीं सके।
ऐसे में ट्रिस्टन स्टब्स ने एक छोर संभालते हुए 38 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें लगातार साथ नहीं मिला। आशुतोष शर्मा ने अंत में 10 गेंदों में 19 रन बनाकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन रनगति काफी बढ़ चुकी थी और टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अंशुल कम्बोज ने 3 विकेट झटके। इनके अलावा खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह और नूर अहमद को 1-1 सफलता मिली।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




