5 सबसे बड़े टोटल जो IPL में पावरप्ले में बने हैं
आईपीएल में पावरप्ले में सबसे बड़ा टोटल बनाने का धांसू रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज है। टूर्नामेंट में पावरप्ले में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी इसी टीम के नाम दर्ज है।

5 Biggest Powerplay Totals in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों के दौरान दोनों ही टीमों के लिए शुरुआती 6 ओवर काफी अहम माने जाते हैं। इन 6 ओवरों में गेंदबाजी वाली टीम पर ज्यादा दबाव रहता है, क्योंकि इस दौरान सिर्फ 2 फील्डर्स को ही 30 यार्ड के घेरे से बाहर रखने की अनुमति होती है। इसी वजह से बल्लेबाज इन 6 ओवरों में ज्यादा से ज्यादा रन बटोरने की फिराक में रहते हैं।
आपको जानकार हैरानी होगी कि आईपीएल में पावरप्ले में 4 बार 100 या उससे अधिक का स्कोर बना है। पावरप्ले में सबसे बड़ा टोटल बनाने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज है। इस आर्टिकल में हम उन 5 बड़े टोटल का जिक्र करेंगे, जो आईपीएल में पावरप्ले में बने हैं।
5 सबसे बड़े टोटल जो IPL में पावरप्ले में बने हैं
1. 125/0 - SRH vs DC (दिल्ली, 2024)
आईपीएल 2024 का 35वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया था। उस मैच में ट्रेविस हेड (89) और अभिषेक शर्मा (46) की सलामी जोड़ी बेहद खतरनाक फॉर्म में नजर आई थी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़े थे। इस दौरान अभिषेक-हेड की जोड़ी ने पहले 6 ओवरों में 125 रन ठोक दिए थे। इनकी पारियों की मदद से हैदराबाद ने 266/7 का टोटल खड़ा किया था और 67 रनों से मैच जीता था।
2. 107/0 - SRH vs LSG (हैदराबाद, 2024)
IPL में पावरप्ले में दूसरा सबसे बड़ा टोटल बनाने का रिकॉर्ड भी हैदराबाद के नाम दर्ज है। IPL 2024 के 57वें मैच में SRH ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 107 रन जोड़े थे। उस मैच में हैदराबाद की टीम ने 166 रनों के टारगेट को महज 9.4 ओवरों में हासिल कर लिया था और 10 विकेटों से जबरदस्त जीत दर्ज की थी। अभिषेक शर्मा ने नाबाद 75 और ट्रेविस हेड ने नाबाद 89 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें: 4 टीमें जिन्होंने IPL में दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से दी है मात
3. 105/0 - KKR vs RCB (बेंगलुरु, 2017)
आईपीएल 2017 के 46वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को 6 विकेटों से पटखनी दी थी। उस मुकाबले में केकेआर ने 159 रनों के टारगेट को 29 गेंदें बाकी रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। इस दौरान क्रिस लिन (50) और सुनील नरेन (54) की सलामी जोड़ी ने पहले 6 ओवरों में 105 रन की साझेदारी निभाई थी।
4. 100/2 - CSK vs PBKS (वानखेड़े, 2014)
IPL 2014 के दूसरे क्वालिफायर में चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत पंजाब किंग्स से हुई थी, ये एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला था। दोनों टीमों की तरफ से 200 प्लस स्कोर बनाए गए थे। पंजाब ने पहले खेलने के बाद 226/6 का स्कोर खड़ा किया था। जवाबी पारी में CSK ने टारगेट का पीछा करते हुए 202/7 का स्कोर बना पाई थी। चेन्नई की तरफ से पावरप्ले में खतरनाक बल्लेबाजी देखने को मिली थी। टीम ने 2 विकेट खोकर 100 रन जोड़े थे। इसमें सुरेश रैना का सबसे बड़ा योगदान रहा था, जिन्होंने 25 गेंदों पर 12 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 87 रनों की आतिशी पारी खेली थी।
5. 97/1 - RR vs RCB (गुवाहाटी, 2026)
आईपीएल के 19वें सीजन का 16वां मैच शुक्रवार, 10 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया, जिसमें RCB को 6 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मुकाबले में राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी (78) और ध्रुव जुरेल (81*) के खतरनाक शॉट्स की मदद से पावरप्ले में 1 विकेट खोकर 97 रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी।
टैग:


