ताजा खबर

ऑस्ट्रेलिया के बिग-शो ग्लेन मैक्सवेल रहे हैं भारत के लिए रहे सबसे बड़ा खतरा, लाइफ पार्टनर से बर्बादी की कहानी में हिंदुस्तानी कनेक्शन

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल का 14 साल का इंटरनेशनल करियर थम गया है। उनके करियर में भारत के साथ काफी गहरा कनेक्शन रहा है।

KK
द्वाराKalpesh Kalal
प्रकाशित 5 मिनट पढ़ें
Glenn Maxwell Retirement
Glenn Maxwell Retirement

Glenn Maxwell Retirement:ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 14 साल के इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया है। भारतीय मूल की विनी रमन से शादी करने वाले मैक्सवेल का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहद खास रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल के बिग-शो का सफर

 क्रिकेट के मैदान पर कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जिनके सामने दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाज भी बेबस नजर आते हैं। उनके पास हर गेंद का जवाब होता है और जब बल्ला चलता है तो मैदान के चारों तरफ सिर्फ चौके-छक्कों की बरसात दिखाई देती है। लेकिन अब ऐसे ही एक विस्फोटक खिलाड़ी का इंटरनेशनल क्रिकेट में सफर खत्म हो गया है। जिस खिलाड़ी ने भारतीय गेंदबाजों को कई बार अपने बल्ले से गहरे जख्म दिए, जिसने भारत में ही वनडे क्रिकेट का ऐतिहासिक दोहरा शतक जड़ा और जिसकी बल्लेबाजी का अंदाज पूरी दुनिया में मशहूर रहा, उसने अब 14 साल के अपने इंटरनेशनल करियर पर विराम लगा दिया है। हम बात कर रहे हैं ऑस्ट्रेलिया के 'बिग शो' ग्लेन मैक्सवेल की।

हमें अपने विश्वसनीय स्रोत के रूप में जोड़ेंहमारी कवरेज सबसे पहले पाने के लिए Google पर Cricket Winner को फ़ॉलो करें।
★ Cricket Winner जोड़ें

मैक्सवेल ने 14 साल के इंटरनेशनल करियर पर लगाया विराम

मैक्सवेल ने 2 नवंबर 2026 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। 38 साल की उम्र में उनके इस फैसले के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के एक रोमांचक अध्याय का अंत हो गया। दिलचस्प बात यह है कि उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला भी भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आया। उन्होंने 20 फरवरी को श्रीलंका के पल्लेकेले में ओमान के खिलाफ अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला। हालांकि, मैक्सवेल ने इससे पहले ही वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कहकर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में अपना पूरा सफर समाप्त कर दिया।

हिंदुस्तानी लड़की से की शादी

मैक्सवेल की निजी जिंदगी का भारत से भी खास कनेक्शन है। उन्होंने 18 मार्च 2022 को भारतीय मूल की विनी रमन से शादी की थी। विनी रमन मेलबर्न में रहने वाली फार्मासिस्ट हैं। दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही थीं। इस तरह मैक्सवेल का भारतीय कनेक्शन सिर्फ क्रिकेट के मैदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनकी जिंदगी का भी अहम हिस्सा बन गया।

भारत के खिलाफ बल्ले से मचाया कोहराम

अब बात करते हैं उस मैदान की, जहां मैक्सवेल कई बार भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती बने। भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 4 मुकाबलों में 198 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक भी निकला और उनका सर्वाधिक स्कोर 104 रन रहा।

वहीं, वनडे क्रिकेट में मैक्सवेल ने भारत के खिलाफ 33 मुकाबलों में 950 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 134 से ज्यादा रहा और उन्होंने छह अर्धशतक लगाए। गेंद से भी उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया और 9 विकेट अपने नाम किए।

टी20 इंटरनेशनल में तो उनका अंदाज और भी खतरनाक रहा। भारत के खिलाफ 24 मुकाबलों में उन्होंने 576 रन बनाए। इस दौरान दो शतक और दो अर्धशतक उनके बल्ले से निकले। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 113 रन रहा। यही वजह है कि भारतीय गेंदबाजों के सामने मैक्सवेल हमेशा एक बड़ी चुनौती साबित हुए।

भारत में ही खेली करियर की सबसे यादगार पारी

मैक्सवेल के करियर की सबसे यादगार पारियों में 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 201 रन की पारी सबसे ऊपर रहेगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने महज 91 रन पर अपने सात विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि अफगानिस्तान इतिहास रचने जा रहा है, लेकिन मैक्सवेल ने चोट और मांसपेशियों में ऐंठन के बावजूद अकेले दम पर मुकाबले का रुख पलट दिया। उन्होंने 128 गेंदों में नाबाद 201 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को यादगार जीत दिलाई। यह वनडे वर्ल्ड कप इतिहास का पहला दोहरा शतक था, जो किसी बल्लेबाज ने लक्ष्य का पीछा करते हुए लगाया।

इसके अलावा 2019 में बेंगलुरु में भारत के खिलाफ 55 गेंदों में नाबाद 113 रन और 2023 में गुवाहाटी में 48 गेंदों में नाबाद 104 रन की पारियां भी भारतीय फैंस को लंबे समय तक याद रहेंगी।

यह भी पढ़े- धोनी या गांगुली? सचिन तेंदुलकर ने बताया कौन है उनका सबसे पसंदीदा कप्तान!

ऐसा रहा 14 साल का इंटरनेशनल करियर

ग्लेन मैक्सवेल ने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने अपने करियर में 149 वनडे, 130 टी20 इंटरनेशनल और 7 टेस्ट मुकाबले खेले। टेस्ट में उनके नाम 339 रन और 8 विकेट दर्ज हैं। वनडे में उन्होंने 3,990 रन बनाए, जिसमें चार शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, टी20 इंटरनेशनल में उनके बल्ले से 2,897 रन निकले। इस फॉर्मेट में उन्होंने पांच शतक और 12 अर्धशतक लगाए। इसके अलावा उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 136 विकेट भी हासिल किए।

मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की 2015 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे। इसके अलावा 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी उनकी अहम भूमिका रही।

बहरहाल, ग्लेन मैक्सवेल का इंटरनेशनल सफर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी, अनोखे शॉट्स और भारत के खिलाफ खेली गई यादगार पारियां क्रिकेट इतिहास का हिस्सा बनी रहेंगी। एक ऐसा खिलाड़ी, जिसका भारतीय क्रिकेट से मैदान के अंदर भी गहरा मुकाबला रहा और मैदान के बाहर भी खास रिश्ता। अब सवाल यही है कि क्या आने वाले समय में क्रिकेट को मैक्सवेल जैसा 360 डिग्री बल्लेबाज देखने को मिलेगा?

 

 

हमें फॉलो करें9M+ fans across platforms

लेखक के बारे में

KK
लेखक

Kalpesh Kalal

admin · 531 लेख
“

विजेता का नाम घोषित करना मेरा काम नहीं है

रोहित शर्मा, 2019 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को खिताब देने पर सवाल के जवाब में