धोनी या गांगुली? सचिन तेंदुलकर ने बताया कौन है उनका सबसे पसंदीदा कप्तान!
भारतीय क्रिकेट में सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी दो सबसे बेहतरीन कप्तान रहे हैं। सचिन तेंदुलकर ने इन दोनों ही कप्तानों के अंडर काफी क्रिकेट खेली है।

Sourav Ganguly versus Mahendra Singh Dhoni: भारतीय क्रिकेट इतिहास में जब भी सबसे सफल और महान कप्तानों की चर्चा होती है, तो दो नाम सबसे पहले सामने आते हैं- सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी... एक ने टीम इंडिया को मुश्किल दौर से बाहर निकालकर जीत की नई राह दिखाई, तो दूसरे ने अपनी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट को दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में शामिल करने की नींव रखी।
गांगुली और धोनी में सचिन का फेवरेट कप्तान कौन?
इन दोनों के नेतृत्व में खेलने वाले दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर भी रहे हैं, जिनकी गिनती क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में होती है। लेकिन जब उनसे पूछा गया कि इन दोनों में उनका पसंदीदा कप्तान कौन है, तो हर क्रिकेट फैन की दिलचस्पी बढ़ना लाजिमी था। आखिर महेंद्र सिंह धोनी और सौरव गांगुली में से किसकी कप्तानी ने इस महान खिलाड़ी को सबसे ज्यादा प्रभावित किया? अब खुद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इस बड़े सवाल का जवाब देकर पुरानी बहस को फिर से चर्चा में ला दिया है।
सचिन तेंदुलकर ने दादा और माही में बताया अपनी पसंद का कप्तान
अब इन दोनों दिग्गजों को लेकर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी अपनी पसंद जाहिर कर दी है। दरअसल, मंगलवार को सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर 'आस्क मी एनीथिंग' (AMA) सेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उनसे पूछा गया कि उन्हें किस कप्तान की अगुवाई में खेलना सबसे ज्यादा पसंद आया? इस सवाल के जवाब में सचिन ने किसी एक कप्तान का नाम लेने के बजाय दोनों दिग्गजों को अपनी पसंदीदा सूची में सबसे ऊपर रखा।
मास्टर-ब्लास्टर ने दोनों दिग्गजों को रखा पहले नंबर पर
उन्होंने कहा, "मेरे पसंदीदा कप्तानों की बात करें तो सौरव गांगुली और एमएस धोनी मेरी लिस्ट के टॉप पर रहेंगे।" सचिन के इस जवाब ने साफ कर दिया कि उनके लिए गांगुली और धोनी दोनों की कप्तानी बेहद खास रही है। जहां गांगुली ने भारतीय टीम में आक्रामक सोच और जीत का आत्मविश्वास पैदा किया, वहीं धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े खिताब अपने नाम किए। ऐसे में सचिन का दोनों को बराबर तवज्जो देना भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की अहमियत को भी दर्शाता है।
सचिन तेंदुलकर 15 साल पहले बता चुके थे धोनी को बेस्ट कप्तान
हालांकि, सचिन तेंदुलकर का धोनी को लेकर नजरिया करीब 15 साल पहले कुछ अलग था। साल 2011 में भारतीय टीम के वर्ल्ड चैंपियन बनने के कुछ दिन बाद ही सचिन ने एमएस धोनी को अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ कप्तान बताया था, जिनकी अगुवाई में उन्हें खेलने का मौका मिला। वहीं, आंकड़ों पर नजर डालें तो वनडे क्रिकेट में धोनी का कप्तान के तौर पर जीत प्रतिशत 59.52 रहा, जबकि सौरव गांगुली ने 53.9 प्रतिशत मैचों में टीम इंडिया को जीत दिलाई। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में बाजी गांगुली के हाथ रही। इस फॉर्मेट में बतौर कप्तान उनका जीत प्रतिशत धोनी से बेहतर था। यानी सीमित ओवरों के क्रिकेट में धोनी का पलड़ा भारी रहा, तो टेस्ट में गांगुली ने अपनी कप्तानी का दम दिखाया।




