शुभमन गिल के दोस्त का कमाल, श्रीलंका में 10 विकेट लेकर मचाया कोहराम; भारतीय टीम ने सीरीज पर जमाया कब्जा
शुभमन गिल के करीबी माने जाने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने श्रीलंका ए के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में तहलका मचा दिया और 10 विकेट लेते हुए इंडिया ए की जीत में अहम भूमिका अदा की।

भारत में अक्सर कहा जाता है कि जब कोई खिलाड़ी कप्तान बनता है तो अपने कुछ पसंदीदा खिलाड़ियों की आगे बढ़ने में जरूर मदद करता है। ऐसा ही कुछ भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल के लिए कहा गया, क्योंकि अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे स्क्वाड में गुरनूर बरार का चयन हुआ था। गुरनूर ने आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेला था और रणजी ट्रॉफी में कई अन्य की तुलना में खास प्रदर्शन नहीं किया था।
इसी वजह से दावा किया जा रहा था कि उन्हें सिर्फ शुभमन गिल का दोस्त होने का फायदा मिला, क्योंकि गिल के कारण ही गुरनूर को गुजरात टाइटंस ने नेट गेंदबाज के तौर पर साइन किया था और बाद में मुख्य स्क्वाड का हिस्सा भी बनाया। अफगानिस्तान वनडे सीरीज में अच्छा करने वाले गुरनूर ने अब रेड बॉल क्रिकेट में अपना जलवा दिखाया है और श्रीलंका में अपने फर्स्ट क्लास करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सनसनी मचा दी।
श्रीलंका A के खिलाफ गुरनूर ने दूसरे मैच में झटके 10 विकेट
दरअसल, इंडिया ए श्रीलंका दौरे पर थी। दोनों के बीच 25 जून से दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज गले में खेली गई। इस सीरीज के पहले मैच में गुरनूर बरार को मौका नहीं मिला था लेकिन दूसरे मैच के लिए उनका चयन हुआ और उन्होंने 10 विकेट मैच हॉल लेकर अपने सर्वश्रेष्ठ आंकड़े दर्ज किए।
श्रीलंका ए की पहली पारी के दौरान गुरनूर ने 77 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके बाद, दूसरी पारी में 6 फीट 5 इंच लंबे इस पेसर ने कहर ढाया और पारी में पंजा खोलते हुए 68 रन देकर 6 विकेट लिए। इस तरह दोनों पारियों को मिलाकर गुरनूर ने 10/145 के आंकड़े दर्ज किए। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में पहली बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया।
इंडिया ए ने दूसरा मैच जीतकर सीरीज पर जमाया कब्ज़ा
श्रीलंका ए के खिलाफ इंडिया ए का पहला मैच ड्रॉ रहा लेकिन दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम को 10 विकेट से जीत मिली। श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी में 366 रन बनाए, जिसके जवाब में साई सुदर्शन की 168 रनों की पारी की बदौलत इंडिया ए ने 543 का स्कोर बनाया, जिसके कारण उसे 177 रनों की बढ़त हासिल हुई।
इसके बाद, अपनी दूसरी पारी में श्रीलंका ए की टीम ज्यादा बड़ा स्कोर नहीं बना पाई और 209 रन बनाकर ढेर हो गई। इसी वजह से इंडिया ए को अपनी बढ़त के कारण सिर्फ 33 रनों का टारगेट मिला। इस लक्ष्य को भारतीय टीम ने आसानी से हासिल कर लिया और सीरीज भी 1-0 से अपने नाम की।




