IND vs PAK: ICC का मास्टर प्लान! अब ट्राई-सीरीज में भी भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान? सामने आया बड़ा अपडेट
वर्ल्ड क्रिकेट की सबसे बड़ी आर्च राइवल टीमें भारत और पाकिस्तान के बीच कईं सालों से सिर्फ आईसीसी या एशियाई क्रिकेट इवेंट में ही आमना-सामना होता है।

ICC Master Plan For IND-PAK Match: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के लिए अब किसी वर्ल्ड कप या एशिया कप का इंतजार खत्म हो सकता है। दोनों देशों के बीच सीधे द्विपक्षीय क्रिकेट की राह भले ही अभी बंद हो, लेकिन पर्दे के पीछे एक ऐसा प्लान तैयार हो रहा है, जो क्रिकेट कैलेंडर में इस ऐतिहासिक राइवलरी की तस्वीर बदल सकता है। अगर यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है, तो भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत सिर्फ बड़े ICC टूर्नामेंट तक सीमित नहीं रहेगी।
भारत-पाकिस्तान वर्ल्ड कप के अलावा होंगे आमने-सामने?
जी हां...मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल भारत और पाकिस्तान को एक मल्टी-टीम व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में आमने-सामने लाने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। इसके लिए ट्राई-सीरीज या चार टीमों वाली क्वाड्रैंगुलर सीरीज जैसे फॉर्मेट पर चर्चा हो सकती है। सबसे खास बात यह है कि ऐसे मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए जा सकते हैं।
क्यों पड़ी नए फॉर्मेट की जरूरत?
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बाइलेट्रल सीरीज 2012-13 में हुई थी। इसके बाद दोनों टीमें सिर्फ ICC और ACC के बड़े टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती रही हैं। राजनीतिक परिस्थितियों के कारण दोनों देशों के बीच नियमित द्विपक्षीय क्रिकेट की वापसी मुश्किल बनी हुई है। ऐसे में मल्टी-टीम टूर्नामेंट को एक ऐसा रास्ता माना जा रहा है, जिसमें दोनों टीमों को एक-दूसरे के खिलाफ खेलने का मौका भी मिल सकता है और बाइलेट्रल सीरीज की मौजूदा अड़चन से भी बचा जा सकता है।
यह भी पढ़े-भारत को हराकर भी पाकिस्तान क्यों हुआ बर्बाद? मोहम्मद युसूफ ने खोल दिया सबसे बड़ा राज!
सितंबर की बैठक में खुलेगा रास्ता?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रस्ताव 22 और 23 सितंबर को दुबई में होने वाली फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम यानी FTP बैठक में चर्चा के लिए रखा जा सकता है। इस बैठक में 12 टेस्ट खेलने वाले देशों के साथ आठ एसोसिएट देशों के प्रतिनिधि शामिल होने की बात कही जा रही है। अगर ICC इस फॉर्मेट को हरी झंडी देता है, तो अगला सवाल होगा—इस महामुकाबले की मेजबानी कौन करेगा?
UAE से लेकर इंग्लैंड तक नजर
संभावित आयोजन स्थल के तौर पर UAE, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के नाम चर्चा में हैं। न्यूट्रल वेन्यू होने के साथ-साथ इन बाजारों में भारत-पाकिस्तान मुकाबले की जबरदस्त व्यावसायिक अपील भी है। ब्रॉडकास्ट राइट्स, स्पॉन्सरशिप और टिकटिंग से होने वाली कमाई इस टूर्नामेंट को ICC और बाकी हितधारकों के लिए बेहद आकर्षक बना सकती है। हालांकि अभी यह सिर्फ एक प्रस्ताव और रिपोर्ट्स के स्तर पर है, लेकिन अगर इसे मंजूरी मिलती है, तो क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ा सवाल यही होगा—क्या अब भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले के लिए वर्ल्ड कप का इंतजार नहीं करना पड़ेगा?




