अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज में इन 4 भारतीयों का होगा असली टेस्ट, जानिए क्यों हैं खास?
भारत और अफगानिस्तान के बीच अफगानिस्तान की मेजबानी में नई दिल्ली में 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। इसकी शुरुआत 13 सितंबर से होने जा रही है।

IND vs AFG T20 Series 2026:भारतीय क्रिकेट टीम 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज की शुरुआत करने जा रही है। दोनों ही टीमों के बीच इस सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया से काफी उम्मीदें हैं और वो जिम्माब्वे की कामयाबी को यहां भी जारी रखना चाहेगी। मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं होगा, बल्कि इस सीरीज में कई भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका भी होगा।
लेकिन सवाल ये है कि वो कौन से 4 खिलाड़ी हैं, जिनके प्रदर्शन पर सबसे ज्यादा नजरें रहेंगी? किसी के सामने टीम में अपनी जगह मजबूत करने की चुनौती है, तो किसी के लिए वापसी के बाद खुद को साबित करने का मौका। वहीं एक युवा खिलाड़ी ऐसा भी है, जिसके नाम ने सीरीज शुरू होने से पहले ही क्रिकेट फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। तो चलिए उन 4 खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं।
#1. जसप्रीत बुमराह
सबसे बड़ा नाम जसप्रीत बुमराह का है। लंबे समय के बाद T20I टीम में उनकी वापसी ने सीरीज का रोमांच बढ़ा दिया है। बुमराह सिर्फ टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक नहीं हैं, बल्कि डेथ ओवरों में मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी वापसी पर सबसे ज्यादा नजरें रहेंगी। हालांकि, उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर है।
#2. वैभव सूर्यवंशी
महज 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने की राह पर चल रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए यह सीरीज बड़ा मौका है। इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती चुनौती के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे सीरीज में दमदार वापसी करते हुए दो अर्धशतक लगाए। अब अफगानिस्तान के खिलाफ वह अपनी निरंतरता साबित करना चाहेंगे। अगर वैभव यहां भी बल्ले से धमाका करते हैं, तो टीम इंडिया में उनकी जगह को लेकर चर्चा और तेज हो सकती है।
यह भी पढ़े- केविन पीटरसन की 12 साल बाद इंग्लैंड टीम में वापसी! वनडे वर्ल्ड कप के लिए मिली खास जिम्मेदारी
#3. संजू सैमसन
संजू सैमसन की वापसी इस सीरीज की बड़ी खबरों में से एक है। उन्हें लंबे अंतराल के बाद T20I टीम में जगह मिली है और अब उनके सामने खुद को साबित करने का अहम मौका है। विकेटकीपिंग के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी संजू से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि उनकी वापसी से भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में भी नए समीकरण बन सकते हैं।
#4. नीतिश कुमार रेड्डी
चौथा नाम नीतिश कुमार रेड्डी का है, जिन पर टीम मैनेजमेंट की नजरें इसलिए भी रहेंगी क्योंकि वह बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी ऑलराउंड क्षमता टीम के लिए अहम साबित हो सकती है। हालांकि नीतिश भी फिटनेस क्लीयरेंस वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं, इसलिए मैदान पर उतरने के बाद उनका प्रदर्शन और भी महत्वपूर्ण हो जाएगा।