IND vs WI: इंदौर में टीम इंडिया की जीत, वेस्टइंडीज को 14 रन से हराया, अभिषेक के तूफान के बाद अर्शदीप ने बरपाया कहर
वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में टीम इंडिया ने बाजी मारी और 14 रन से जीत दर्ज की। इस तरह पांच मैचों की टी20 सीरीज में पहले तीन मैच के बाद, भारत 2-1 से आगे है।

IND vs WI 3rd T20I: इंदौर में खेले गए टी20I मुकाबले में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। पहले खेलते हुए भारत ने 20 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 223 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 209/7 का स्कोर बनाया। भारतीय टीम के लिए बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं, गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने कमाल किया।
संजू हुए फ्लॉप, अभिषेक ने ठोका तूफानी अर्धशतक
होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। पिछले मैच में अर्धशतक जमाने वाले संजू सैमसन (3) दूसरे ही ओवर में 7 के स्कोर पर आउट हो गए। हालांकि, इस झटके का असर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन (18 गेंदों में 37) ने रनों की गति पर नहीं पड़ने दिया। अभिषेक ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 30 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली और ईशान के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 108 रन जोड़े।
अभिषेक-ईशान की शतकीय साझेदारी के बाद लड़खड़ाई पारी
इस साझेदारी का अंत नौवें ओवर में ईशान के आउट होने से हुआ। इसी ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (1) भी चलते बने। अगले ओवर में अभिषेक शर्मा भी आउट हो गए। देखते ही देखते 11वें ओवर में भारत का स्कोर 135/5 हो गया।
पुछल्ले बल्लेबाजों ने 200 के पार पहुंचाया भारत का स्कोर
इसके बाद, निचले क्रम से नीतीश कुमार रेड्डी (21) और तिलक वर्मा (28) ने उपयोगी योगदान दिया। अक्षर पटेल ने भी 20 रन बनाए। वहीं, अर्शदीप सिंह (11) और प्रिंस यादव (13*) ने स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। वेस्टइंडीज के लिए रोस्टन चेस, शमर जोसेफ और शमर स्प्रिंगर ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए।
वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत, पूरन-हेटमायर ने संभाला मोर्चा
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज को दूसरे ही ओवर में बड़ा झटका लगा और पहले दो मैचों में रनों की बारिश करने वाले कप्तान शाई होप 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद, कामिल पूरन और शिमरोन हेटमायर ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और दोनों ने 32 गेंदों में 60 रनों की साझेदारी की। पूरन ने 27 गेंदों में 42 रन बनाए। वहीं, हेटमायर ने 26 गेंदों में 43 रन का योगदान दिया।
रदरफोर्ड और स्प्रिंगर का प्रयास नहीं आया काम, वेस्टइंडीज को मिली हार
इन दोनों के आउट होने के बाद, रोवमैन पॉवेल भी 5 रन बनाकर चलते बने। हालांकि, फिर शेरफेन रदरफोर्ड और क्वेंटिन सैम्पसन ने 46 रनों की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को रन चेज में बनाए रखने की कोशिश की। रदरफोर्ड ने 32 और सैम्पसन ने 21 रन बनाए। इसके बाद, शमर स्प्रिंगर ने 11 गेंदों में 35 रनों की नाबाद पारी खेली लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं, नमन धीर को भी 2 विकेट हासिल हुए।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया की छक्कों की सुनामी देख दुनिया हैरान, अब 400 सिक्स पर नजर!
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




