टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल में हासिल किया बड़ा मुकाम, 200 जीत के साथ ये अनोखा रिकॉर्ड है बहुत खास
भारतीय क्रिकेट टीम ने जापान के खिलाफ मैच में जीत दर्ज करने के साथ ही 200 टी20 इंटरनेशनल में जीत का आंकड़ें को छू लिया है। इसके साथ ही एक खास रिकॉर्ड भी जोड़ दिया है।

Team India T20 International Record: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया की बादशाहत अलग ही मुकाम पर पहुंच गई है। इस फॉर्मेट में मैन इन ब्ल्यू के ताज में एक और नायाब हीरा जड़ गया है। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 इंटरनेशनल में 200वीं जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने इस फॉर्मेट में जीत का दोहरा शतक पूरा किया है।
भारतीय टीम ने T20I में पूरी की जीत की डबल सेंचुरी
लेकिन 200 जीत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बीच भारत का एक और ऐसा रिकॉर्ड सामने आया है, जो शायद ही हर क्रिकेट फैन को पता हो। दरअसल, टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल में कई बड़ी टीमों का सामना किया है, लेकिन 10 देशों के खिलाफ भारतीय टीम को आज तक एक भी हार नहीं मिली है। जापान के खिलाफ हुए इकलौते टी20 इंटरनेशनल मैच में 2 रन की रोमांचक जीत से ना सिर्फ जीत की डबल सेंचुरी पूरी हुई है, बल्कि 10 टीमों के खिलाफ अजेय रहने का खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर दिया है।
भारत ने 20 में से 10 टीमों के खिलाफ नहीं हारा है कोई मैच
टी20 इंटरनेशनल में भारत का दबदबा सिर्फ बड़ी टीमों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि कई विरोधियों के सामने उसके बेदाग रिकॉर्ड में भी नजर आता है। भारतीय टीम इस फॉर्मेट में जापान के खिलाफ हुए मैच को मिलाकर कुल 20 अलग-अलग टीमों से खेल चुकी है, जिसमें टीम इंडिया ने अफगानिस्तान, यूएई, नामीबिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, हॉन्गकॉन्ग, नेपाल, स्कॉटलैंड, ओमान और जापान के खिलाफ अब तक कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं गंवाया है। इन सभी टीमों के खिलाफ भारत ने जीत दर्ज की है, यानी इस सूची में शामिल किसी भी टीम को अब तक भारत के खिलाफ T20I में जीत नसीब नहीं हुई है।
2006 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत
टीम इंडिया के T20 इंटरनेशनल सफर में कई ऐसे पड़ाव आए हैं, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपनी खास जगह बनाई है। भारत ने साल 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला T20I मुकाबला खेलते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद जीतों का सिलसिला लगातार आगे बढ़ता गया। भारत ने साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ अपना 50वां T20I मैच जीता, जबकि साल 2022 में कोलकाता में 100वीं T20I जीत का आंकड़ा छुआ। इसके बाद साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने अपनी 150वीं T20I जीत दर्ज की और इतिहास में एक और बड़ा अध्याय जोड़ा।
करीब 20 साल में पूरे हुए जीत के 200 मैच
अब इस सफर ने एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां पहुंचना किसी भी टीम के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी। 22 सितंबर 2026 को जापान के खिलाफ मुकाबले में जीत दर्ज करते ही भारत ने अपनी 200वीं T20I जीत पूरी कर ली। इस ऐतिहासिक जीत के साथ टीम इंडिया ने T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जीत का दोहरा शतक लगाने वाली पहली टीम बनने का मुकाम हासिल किया। यानी 2006 में शुरू हुआ भारत का T20I सफर अब 200 जीत के ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंच चुका है, जो भारतीय क्रिकेट के बढ़ते दबदबे और लंबे सफर की एक बड़ी तस्वीर पेश करता है।




