IND vs WI: कोहली-गिल के आगे बेबस हुई वेस्टइंडीज, भारत की पहले वनडे में 8 विकेट से जीत; कुलदीप ने भी बरपाया कहर
भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में 8 विकेट से हराया। विराट कोहली और शुभमन गिल की शतकीय पारियों की मदद से टीम इंडिया ने आसानी से जीत दर्ज की। कुलदीप यादव ने भी गेंदबाजी में कमाल किया।

तिरुवनंतपुरम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार, 27 सितंबर को खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने 8 विकेट के बड़े अंतर से वेस्टइंडीज को हराया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारतीय टीम की जीत के हीरो बल्ले के साथ विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल रहे। इन दोनों ने बेहतरीन शतक बनाए। वहीं, कुलदीप यादव ने गेंदबाजी में कहर बरपाते हुए 4 विकेट झटके।
ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए वनडे में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 295/7 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में भारत ने 41.4 ओवर में 300/2 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ग्रीव्स के शतक के बावजूद वेस्टइंडीज 300 के स्कोर से चूकी
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो शुरुआती 10 ओवर में पूरी तरह से गलत साबित होता नजर आया। जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स की ओपनिंग जोड़ी ने पावरप्ले में 85 रन जोड़े। इसके बाद भी दोनों ने कमाल की बल्लेबाजी जारी रखी और अपने-अपने अर्धशतक पूरे करते हुए शतकीय भागीदारी कर ली।
इस साझेदारी को 135 के स्कोर पर कुलदीप यादव ने तोड़ा और कैंपबेल 62 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद, कुलदीप ने एक के बाद एक तीन विकेट लेकर वेस्टइंडीज की अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया। हालांकि, ग्रीव्स शतक जड़ने में कामयाब रहे और उन्होंने 101 रनों की पारी खेली। आखिरी में आमिर जांगू ने नाबाद 58 रन बनाकर अपनी टीम को 295 के स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत की तरफ से कुलदीप ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।
शुभमन-विराट के शतक से भारत की एकतरफा जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी ने 74 रनों की शुरुआत दिलाई। हालांकि, रोहित बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 35 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद, गिल को विराट कोहली का साथ मिला। इन दोनों के बीच 151 रनों की साझेदारी हुई और भारत का स्कोर 200 के पार हो गया।
गिल ने बेहतरीन शतक बनाया और 110 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद, कोहली ने मोर्चा संभाला और बेहद आक्रामक अंदाज में अपने वनडे करियर का 55वां शतक जड़ दिया। विराट ने छक्के के साथ मैच खत्म किया और 88 गेंदों में 139 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ भी 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। वेस्टइंडीज की तरफ से अल्जारी जोसेफ और रोस्टन चेस ने 1-1 विकेट हासिल किया।
यह भी पढ़ें: हेड कोच गौतम गंभीर से हुई तीखी बहस? फिर प्लेइंग-11 से बाहर! सिराज की वायरल तस्वीर ने मचायी सनसनी
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




