Asian Games 2026: भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीता गोल्ड! एशियन गेम्स में फिर लहराया तिरंगा
जापान में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट की पुरुष स्पर्धा में भारतीय मेंस क्रिकेट टीम ने फाइनल मैच में पाकिस्तान मेंस टीम को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।

India vs Pakistan final at the 2026 Asian Games:भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने जापान में खेले जा रहे एशियन गेम्स में एक बार फिर गोल्ड मेडल जीत लिया है। क्रिकेट की पुरुष स्पर्धा में टीम इंडिया ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अपनी चिर प्रतिद्दंवी पाकिस्तान को फाइनल मैच में 19 रन से मात देकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है।
भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर जीता गोल्ड
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में धमाकेदार अंदाज में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम को भारत ने 192रन पर ही रोक लिया और मैच में 19 रन की शानदार जीत हासिल करते हुए एक बार फिर पाकिस्तान पर अपना रूतबा बरकरार रखा।
अभिषेक शर्मा और तिलक की तूफानी पारी से भारत ने बनाए 211 रन
निशीन में खेले गए फाइनल मैच में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की यंग जोड़ी पारी की शुरुआत करने उतरी और तूफानी अंदाज में 2 ओवर में ही 28 रन जोड़ दिए। तीसरे ओवर में वैभव सूर्यवंशी 2 छक्कों से 15 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। लेकिन दूसरे छोर से अभिषेक शर्मा का काउंटर अटैक जारी रहा। संजू सैमसन एक बार फिर तीसरे नंबर पर फ्लॉप रहे। तो वहीं अभिषेक शर्मा धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंद में फिफ्टी बनाने में कामयाब रहे। अभिषेक ने 28 गेंद में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। इसके बाद आखिरी ओवर्स में शिवम दुबे (15 गेंद 27 रन) और तिलक वर्मा (22 गेंद 51 नाबाद रन) ने भारतीय टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन का स्कोर बनाया।
हसन नवाज की पारी बेकार, पाकिस्तान की टीम बना सकी 192 रन
पाकिस्तान की टीम 212 रन के लक्ष्य के जवाब में मैदान में उतरी। कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने 33 रन की तेज शुरुआत की, लेकिन चौथे ओवर में साहिबजादा को 10 रन पर वॉशिंगटन सुंदर ने शिकार बनाया। इसके बाद अक्षर पटेल ने अगले ही ओवर में उस्मान खान को चलता किया। पाकिस्तान को 39 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा, जब अक्षर पटेल ने माज सदाकत को भी निपटा दिया। यहां से सैम अयूब और हसन नवाज ने 87 रन जोड़कर बड़े रन चेज में पाकिस्तान को बनाए रखा, लेकिन फिर शिवम दुबे ने अयूब को आउट कर साझेदारी तोड़ी। हसन नवाज ने जरूर आखिर तक लड़ाई लड़ी और 51 गेंद में 96 रन की पारी खेली, लेकिन पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन की बना सकी और भारत ने मैच को 19 रन से जीत लिया। टीम इंडिया के लिए अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट झटके।




