वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का ऐसा प्लान, जिसे जानकर चौंक जाएंगे फैंस! साउथ अफ्रीका में होंगे 6 मैच
आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक ये मेगा इवेंट खेला जाएगा। इससे पहले टीम इंडिया एक बड़ा प्लान तैयार कर रही है।

BCCI's Master Plan for the 2027 ODI World Cup: क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था आईसीसी ने 1 अक्टूबर को मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया है। ठीक एक साल बाद यानी अगले साल 2 अक्टूबर को इस महाकुंभ का आगाज होगा, तो वहीं 21 नवंबर को चैंपियन का फैसला होगा। वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी होते ही एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम इंडिया का एक ऐसा प्लान भी सामने आ गया, जिस पर अभी से चर्चा शुरू हो गई है।
वर्ल्ड कप को लेकर टीम इंडिया का मास्टर प्लान तैयार
भारत को अपना वर्ल्ड कप अभियान 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन से शुरू करना है, लेकिन उससे पहले टीम इंडिया सीधे वर्ल्ड कप के मैदान में उतरने के बजाय दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में खुद को ढालने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ल्ड कप से पहले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 6 मैचों की ODI सीरीज का प्लान है। यानी जिन पिचों, परिस्थितियों और मैदानों पर विश्व कप खेला जाना है, वहां टीम इंडिया पहले ही अपनी तैयारी को परख सकती है।
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम करेगी दक्षिण अफ्रीका दौरा
वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में मिले हार के जख्म को पीछे छोड़ते हुए टीम इंडिया की नजरें इस बार खिताबी तिकड़ी पर है, ऐसे में वो कोई भी कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहती है अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए जहां वर्ल्ड कप के सबसे ज्यादा मैच खेले जाएंगे, उसी प्रोटियाज की परिस्थितियों में मेजबान टीम से एक अहम वनडे सीरीज खेलने की योजना बना रही है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6 मैचों की वनडे सीरीज का बन रहा है प्लान
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के लिए टूर्नामेंट से काफी पहले साउथ अफ्रीका पहुंच सकती है। चूंकि वर्ल्ड कप के ज्यादातर मुकाबले साउथ अफ्रीका में खेले जाने हैं, इसलिए भारतीय टीम मेजबान देश के खिलाफ 6 मैचों की वनडे सीरीज खेल सकती है। इस सीरीज के मुकाबले जोहान्सबर्ग, केपटाउन और सेंचुरियन जैसे प्रमुख मैदानों पर होने की संभावना है, जहां वर्ल्ड कप मैच भी प्रस्तावित हैं।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका से बातचीत जारी, जल्द मुहर लगने की उम्मीद
हालांकि, भारत-साउथ अफ्रीका की इस संभावित 6 मैचों की सीरीज का आधिकारिक शेड्यूल अभी सामने नहीं आया है। रिपोर्ट के अनुसार, BCCI और क्रिकेट साउथ अफ्रीका के बीच इसे लेकर बातचीत जारी है और जल्द ही तारीखों पर अंतिम फैसला हो सकता है। अगर यह सीरीज तय कार्यक्रम के मुताबिक होती है, तो टीम इंडिया को वर्ल्ड कप से पहले उन्हीं परिस्थितियों में खुद को परखने का अहम मौका मिलेगा।




