T20I में भारत के लिए सबसे बड़ी पारियां, इन 3 बल्लेबाजों के आगे बड़े-बड़े दिग्गज फेल
अब तक सिर्फ 8 ऐसे बल्लेबाज हैं, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 के व्यक्तिगत स्कोर को हासिल करने का कारनामा कर पाएं हैं, लेकिन भारत का एक भी बल्लेबाज नहीं हैं।

Highest individual scores for India in T20Is: टी20 क्रिकेट को कभी सिर्फ 20 ओवर में तेज रन बनाने वाला फॉर्मेट माना जाता था, लेकिन अब बल्लेबाजों ने इसकी परिभाषा ही बदल दी है। फ्लैट पिच, छोटे मैदान और आक्रामक बल्लेबाजी के दौर में 150 रन की व्यक्तिगत पारी भी अब असंभव नहीं रही। साल 2026 में तो टी20 इंटरनेशनल में कई बल्लेबाज इस आंकड़े को पार कर चुके हैं—यानी जिस स्कोर को कभी वनडे में भी असाधारण माना जाता था, वह अब 20 ओवर के खेल में दिखाई देने लगा है।
दिलचस्प बात यह है कि क्रिकेट का इतिहास इससे भी बड़ा बदलाव देख चुका है। एक समय वनडे में 200 रन बनाना लगभग असंभव समझा जाता था, लेकिन 2010 में सचिन तेंदुलकर ने पहली बार यह दीवार तोड़ी और उसके बाद डबल सेंचुरी का सिलसिला चल पड़ा। अब तक 10 बल्लेबाज वनडे में दोहरा शतक जमा चुके हैं। जिस तरह से वनडे में ये आंकड़ा किसी मैजिक से कम नहीं है, वैसे ही टी20 में 150 का स्कोर एक अलग स्तर की उपलब्धि है।
अब तक सिर्फ 8 ऐसे बल्लेबाज हैं, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में ये कारनामा कर पाएं हैं, लेकिन भारत का एक भी बल्लेबाज नहीं हैं, ऐसे में आप भारतीय टीम के टी20 इंटरनेशनल के सबसे बड़े स्कोर वाले बल्लेबाज के बारे में जानना जरूर चाहेंगे, तो चलिए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं, वो 3 भारतीय बल्लेबाज जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया है।
#3. ऋतुराज गायकवाड़ — 123* रन
तीसरे नंबर पर ऋतुराज गायकवाड़ का नाम है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में ऋतुराज ने सिर्फ 57 गेंदों पर नाबाद 123 रन ठोक दिए थे। उनकी पारी में 13 चौके और 7 छक्के आए और स्ट्राइक रेट 215 से ज्यादा रहा। खास बात यह रही कि ऋतुराज ने मुश्किल परिस्थिति में पारी को संभालने के बाद आखिरी ओवरों में ऐसा गियर बदला कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
यह भी पढ़े- ये क्या किया तूने!’ धोनी के संन्यास के कुछ घंटे बाद रैना ने भी लिया फैसला, अब खुला बड़ा राज
#2. शुभमन गिल — 126* रन
दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं। गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में 63 गेंदों पर नाबाद 126 रन की पारी खेलकर तहलका मचा दिया था। उनकी इस पारी में 12 चौके और 7 छक्के शामिल थे। गिल ने 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और लंबे समय तक यह भारत की T20I क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड रही।
#1. अभिषेक शर्मा — 135 रन
इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम आता है अभिषेक शर्मा का, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में महज 54 गेंदों पर 135 रन की तूफानी पारी खेली थी। अभिषेक ने अपनी पारी में 7 चौके और 13 छक्के लगाए और 250 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस पारी के साथ उन्होंने भारतीय बल्लेबाज द्वारा T20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।




