ताजा खबर

48 साल में सिर्फ एक जीत! भारत का कीवी सरजमीं पर टेस्ट के आंकड़े जानकर आपके उड़ जाएंगे होश

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से हो रही है। पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेला जाएगा। टीम इंडिया पिछले 48 साल में कीवी सरजमीं पर सिर्फ 1 मुकाबला जीत सकी है।

KK
द्वाराKalpesh Kalal
प्रकाशित 4 मिनट पढ़ें
Team India Test Records in New Zealand
Team India Test Records in New Zealand

Team India Test Records in New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 और वनडे सीरीज का रोमांच खत्म होने के बाद अब क्रिकेट फैंस को टेस्ट क्रिकेट का इंतजार है। दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 19 नवंबर से होने जा रहा है। भारतीय टीम की नजरें वनडे और टी20 सीरीज के बाद टेस्ट में भी अपना दबदबा कायम रखने पर होंगी। हालांकि, न्यूजीलैंड को उसी की धरती पर टेस्ट में हराना टीम इंडिया के लिए बिल्कुल आसान नहीं रहने वाला है। इसकी वजह है कीवी जमीन पर भारत का ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड, जो किसी को भी हैरान कर सकता है। पिछले 48 सालों में भारतीय टीम न्यूजीलैंड में सिर्फ एक टेस्ट मुकाबला जीत सकी है। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के सामने इतिहास बदलने की बड़ी चुनौती होगी।

48 साल में न्यूजीलैंड में सिर्फ एक टेस्ट जीत पाया भारत

न्यूजीलैंड की धरती पर भारतीय टीम का टेस्ट रिकॉर्ड उतार-चढ़ाव भरा रहा है। भारत ने अब तक न्यूजीलैंड में कुल 25 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 5 में जीत दर्ज की है, जबकि 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 10 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। लेकिन इस रिकॉर्ड का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि साल 1977 के बाद से भारतीय टीम न्यूजीलैंड में सिर्फ एक ही टेस्ट मैच जीत सकी है।

हमें अपने विश्वसनीय स्रोत के रूप में जोड़ेंहमारी कवरेज सबसे पहले पाने के लिए Google पर Cricket Winner को फ़ॉलो करें।
★ Cricket Winner जोड़ें

भारत को यह इकलौती जीत साल 2009 के दौरे पर हैमिल्टन में मिली थी। एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 10 विकेट से हराकर इतिहास रचा था। उस दौरे पर भारत ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। सीरीज के बाकी दो मुकाबले ड्रॉ रहे थे।

इसके बाद भारतीय टीम ने 2013-14 और 2019-20 में न्यूजीलैंड का दौरा किया, लेकिन उसे टेस्ट जीत नसीब नहीं हुई। 2013-14 में एक मुकाबले में हार मिली और दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा। वहीं, 2019-20 में कीवी टीम ने दोनों टेस्ट जीतकर भारत का क्लीन स्वीप कर दिया था।

न्यूजीलैंड में सिर्फ दो बार टेस्ट सीरीज जीत सका है भारत

भारतीय टीम ने पहली बार 1967-68 में न्यूजीलैंड का दौरा किया था। तब से लेकर अब तक भारत ने वहां कुल 10 टेस्ट सीरीज खेली हैं, लेकिन सिर्फ दो बार ही सीरीज जीतने में सफल रहा है। दिलचस्प बात यह है कि भारत को अपनी पहली विदेशी टेस्ट सीरीज जीत भी न्यूजीलैंड की धरती पर ही मिली थी।

साल 1967-68 में नवाब मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को उसी के घर में चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-1 से शिकस्त दी थी। यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास की बेहद खास उपलब्धियों में से एक थी।

हालांकि, पहली सीरीज जीत के बाद भारत को न्यूजीलैंड में दूसरी टेस्ट सीरीज जीतने के लिए 41 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। साल 2009 में एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने यह इंतजार खत्म किया और तीन मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की।

यह भी पढ़े- IPL 2027 से पहले लखनऊ का बड़ा फैसला! मोहम्मद शमी की होगी छुट्टी, राजस्थान के स्टार ऑलराउंडर पर नजर

इन दो सीरीज जीत के अलावा भारत को न्यूजीलैंड में ज्यादातर मौकों पर निराशा ही हाथ लगी है। वहां खेली गई 10 टेस्ट सीरीज में से 6 में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की, जबकि 2 सीरीज ड्रॉ रही हैं।

पिछले दौरे पर भारत को न्यूजीलैंड ने घर में दी थी करारी शिकस्त

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम के लिए यह टेस्ट सीरीज इसलिए भी अहम होगी, क्योंकि पिछले घरेलू टेस्ट दौरे पर कीवी टीम ने भारत को 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। न्यूजीलैंड ने भारतीय सरजमीं पर पहली बार टेस्ट सीरीज जीतकर बड़ा उलटफेर किया था।

अब भारतीय टीम के पास न्यूजीलैंड की धरती पर उस हार का जवाब देने का मौका होगा। हालांकि, इसके लिए बल्लेबाजों को कीवी तेज गेंदबाजों की स्विंग और उछाल से पार पाना होगा। वहीं, भारतीय गेंदबाजों को भी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने से रोकना होगा।

न्यूजीलैंड में भारत का टेस्ट सीरीज रिकॉर्ड

साल मैच भारत की जीत न्यूजीलैंड की जीत ड्रॉ सीरीज का नतीजा
1967/68 4 3 1 0 भारत
1975/76 3 1 1 1 ड्रॉ
1980/81 3 0 1 2 न्यूजीलैंड
1989/90 3 0 1 2 न्यूजीलैंड
1993/94 1 0 0 1 ड्रॉ
1998/99 2 0 1 1 न्यूजीलैंड
2002/03 2 0 2 0 न्यूजीलैंड
2008/09 3 1 0 2 भारत
2013/14 2 0 1 1 न्यूजीलैंड
2019/20 2 0 2 0 न्यूजीलैंड
टैग:India
हमें फॉलो करें9M+ fans across platforms

लेखक के बारे में

KK
लेखक

Kalpesh Kalal

admin · 609 लेख
“

विजेता का नाम घोषित करना मेरा काम नहीं है

रोहित शर्मा, 2019 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को खिताब देने पर सवाल के जवाब में