टीम इंडिया को मुश्किलों से निकालने वाले दो बड़े मैच विनर बाहर, आखिर गंभीर के दिमाग में क्या चल रहा है?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच न्यूजीलैंड की सरजमीं पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज हो गया है। दोनों ही टीमों के बीच 19 नवंबर से वेलिंगटन में पहला टेस्ट मैच शुरू हुआ।

India vs New Zealand 1st Test Match 2026: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन में शुरू हो चुका है। इस मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन को देखकर हर कोई हैरान रह गया। टीम मैनेजमेंट ने इस मैच के लिए चार प्रमुख तेज गेंदबाजों और एक स्पिन ऑलराउंडर के साथ मैदान पर उतरने का फैसला किया। हालांकि, इस रणनीति में दो ऐसे अनुभवी खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली, जिन्होंने कई मौकों पर मुश्किल परिस्थितियों में टीम इंडिया को संभालने में अहम भूमिका निभाई है। ये खिलाड़ी हैं मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा बाहर
इन दोनों खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले ने गौतम गंभीर की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसा क्या कारण रहा कि टीम के भरोसेमंद खिलाड़ियों को इतने बड़े मुकाबले में बाहर बैठना पड़ा?
चार तेज गेंदबाजों पर भरोसा, लेकिन सिराज को नहीं मिली जगह
वेलिंगटन की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय टीम ने तेज गेंदबाजी को प्राथमिकता दी है। न्यूजीलैंड की पिचों पर स्विंग और सीम मूवमेंट तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम इंडिया ने चार प्रमुख तेज गेंदबाजों को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। जिसमें जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा के साथ ही दो युवा तेज गेंदबाज आकाश दीप और अंशुल कंबोज को मैदान में उतारा है।
टेस्ट में कुछ सालों से मोहम्मद सिराज रहे हैं टीम इंडिया के प्रमुख गेंदबाज
लेकिन इस फैसले के बीच मोहम्मद सिराज को बाहर रखना सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गया है। सिराज पिछले कुछ वर्षों में भारतीय टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने विदेशी परिस्थितियों में अपनी गेंदबाजी से कई बार टीम को मुश्किल से निकाला है। नई गेंद से विकेट निकालने के अलावा लंबे स्पेल डालने और दबाव बनाने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है।
ऐसे में न्यूजीलैंड जैसी परिस्थितियों में सिराज को मौका नहीं मिलना कई क्रिकेट फैंस के लिए हैरान करने वाला फैसला है। सवाल यह भी है कि जब टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर रही है, तो सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज को बाहर रखने के पीछे आखिर क्या सोच रही होगी टीम मैनेजमेंट?
टेस्ट क्रिकेट में जडेजा कई बार गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख बदल चुके हैं। मुश्किल परिस्थितियों में उनकी बल्लेबाजी टीम को संभालती है, जबकि गेंदबाजी में वह लगातार दबाव बनाए रखने की क्षमता रखते हैं। इसके बावजूद उन्हें बाहर रखने का फैसला चौंकाने वाला है।
यह भी पढ़े- 48 साल में सिर्फ एक जीत! भारत का कीवी सरजमीं पर टेस्ट के आंकड़े जानकर आपके उड़ जाएंगे होश
गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट ने वेलिंगटन टेस्ट के लिए परिस्थितियों के हिसाब से टीम संयोजन तैयार किया होगा। तेज गेंदबाजों पर अतिरिक्त भरोसा और स्पिन ऑलराउंडर के चयन के पीछे निश्चित तौर पर कोई रणनीति रही होगी।
हालांकि, सिराज और जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर रखने से टीम के संतुलन को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। खासकर तब, जब दोनों खिलाड़ी मुश्किल वक्त में भारत के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन कर चुके हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि गंभीर की यह रणनीति मैदान पर कितनी सफल साबित होती है। अगर भारतीय तेज गेंदबाज न्यूजीलैंड की परिस्थितियों का फायदा उठाकर विकेट निकालने में सफल रहते हैं, तो टीम मैनेजमेंट का फैसला सही साबित हो सकता है। लेकिन अगर गेंदबाजी या बल्लेबाजी में टीम को अनुभव की कमी खलती है, तो सिराज और जडेजा को बाहर रखने का फैसला निश्चित रूप से चर्चा में रहेगा।




