अगरकर की विदाई के बाद पहली बड़ी परीक्षा! अगले हफ्ते होगा न्यूजीलैंड दौरे के लिए ऐलान, किसके हाथ में होगी खिलाड़ियों की किस्मत?
भारतीय क्रिकेट टीम के साथ 2023 से चीफ सेलेक्टर पद पर काम कर रहे अजीत अगरकर के कार्यकाल की समाप्ति हो गई है। अब न्यूजीलैंड दौरे पर नया सेलेक्टर टीम का चयन करेगा।

When will Team India be announced for the New Zealand tour: भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव हो चुका है और अब उसकी पहली बड़ी परीक्षा सामने है। करीब 3 साल से चीफ सेलेक्टर के पद पर आसीन अजीत अगरकर का आधिकारिक रूप से 4 अक्टूबर को कार्यकाल खत्म हो गया है और उनकी विदाई के बाद अब न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का चयन नए समीकरणों के बीच होने वाला है।
अजीत अगरकर के बाद कौन करेगा न्यूजीलैंड दौरे पर टीम का ऐलान
अगले हफ्ते जब टीम का ऐलान होगा, तो सिर्फ खिलाड़ियों के नाम ही चर्चा में नहीं होंगे, बल्कि हर किसी की नजर उस शख्स पर भी होगी जिसके फैसले से किसी को न्यूजीलैंड का टिकट मिलेगा और किसी का इंतजार और लंबा हो जाएगा। आखिर अगरकर के बाद अब चयन की कमान किसके हाथ में है? यानी खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला कौन करेगा, ये देखना सबसे दिलचस्प होने वाला है।
प्रज्ञान ओझा के नेतृत्व में होगा टीम इंडिया का चयन
अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने फिलहाल चयन प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ाने के लिए अंतरिम व्यवस्था लागू कर दी है। अब टीम इंडिया के खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा की अगुवाई वाली चार सदस्यीय चयन समिति करेगी। जब तक नए स्थायी मुख्य चयनकर्ता की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक यही कमेटी चयन से जुड़े अहम फैसले लेगी।
यह भी पढ़े- भारत के खिलाफ ‘नफरत’ का पुराना वीडियो हुआ वायरल, एशियन गेम्स में 96 रन बनाने वाला खिलाड़ी फिर सुर्खियों में!
अगले हफ्ते दौरे पर तीनों फॉर्मेट के लिए चुनी जाएगी टीम
सबसे बड़ी परीक्षा अगले हफ्ते होने वाली है, जब न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया के अंतिम स्क्वाड पर मुहर लगेगी। जहां तीनों ही फॉर्मेट की सीरीज के लिए टीम इंडिया का चयन किया जाएगा। ऐसे में हर खिलाड़ी की नजर इस चयन समिति पर टिकी होगी, क्योंकि उसके एक फैसले से किसी के लिए टीम इंडिया के दरवाजे खुल सकते हैं, तो किसी को अपनी बारी का और इंतजार करना पड़ सकता है।
22 अक्टूबर से शुरू होगा न्यूजीलैंड दौरा
न्यूजीलैंड दौरे के लिए होने वाली चयन समिति की अहम बैठक में टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। गंभीर चयनकर्ताओं के सामने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों, वहां की पिचों के मिजाज और खिलाड़ियों की मौजूदा फिटनेस के साथ-साथ वर्कलोड मैनेजमेंट से जुड़ी अपनी रिपोर्ट और अहम सुझाव रखेंगे। दरअसल, 22 अक्टूबर से शुरू होने वाला करीब 45 दिनों का यह लंबा दौरा टीम इंडिया के लिए कई मायनों में चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। ऐसे में चयनकर्ता सिर्फ नामी खिलाड़ियों को चुनने के बजाय ऐसा संतुलित स्क्वाड तैयार करना चाहते हैं, जिसमें हर परिस्थिति के लिए मजबूत विकल्प मौजूद हों और तीनों सीरीज के दौरान जरूरत के मुताबिक भारत अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग-11 मैदान पर उतार सके।




