भारत-श्रीलंका सीरीज से पहले बड़ा बदलाव, दिल्ली से अहमदाबाद शिफ्ट हुआ पहला वनडे
भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड का दौरा खत्म करने के बाद अपने घर में श्रीलंका का सामना करेगी। लंकाई टीम से 13 दिसंबर से 3 मैचों की वनडे सीरीज के साथ इस जंग की शुरुआत होगी।

India vs Sri Lanka ODI Series 2026: भारतीय क्रिकेट टीमके आगामी शेड्यूल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। न्यूजीलैंड दौरे खत्म होने के बाद टीम इंडिया फिर से अपने घर में पड़ोसी श्रीलंका के खिलाफ लिमिटेड ओवरों की सीरीज में मैदान पर उतरेगी। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाने हैं। हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले ही पहले वनडे के वेन्यू में बदलाव करना पड़ा है।
दिल्ली में नहीं खेला जाएगा पहला वनडे
भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 दिसंबर को खेला जाना है। पहले इस मैच की मेजबानी नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम को सौंपी गई थी। लेकिन अब इस मुकाबले को दिल्ली से अहमदाबाद शिफ्ट कर दिया गया है। ऐसे में दिल्ली के क्रिकेट फैंस को इस मैच में स्टेडियम के अंदर बैठकर अपनी पसंदीदा टीम को खेलते हुए देखने का मौका नहीं मिलेगा।
आखिर क्यों बदला गया मैच का वेन्यू?
इस बदलाव की मुख्य वजह अरुण जेटली स्टेडियम में रिनोवेशन का कार्य है। स्टेडियम में जारी काम के चलते यहां निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मुकाबले का आयोजन करना मुश्किल हो रहा है। इसी कारण दोनों ही टीमों के बीच पहले वनडे को अहमदाबाद ट्रांसफर करने का फैसला लिया गया है। वेन्यू में बदलाव के बाद अब अहमदाबाद में भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा।
भारत और श्रीलंका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज के बाद 3 मैचों की टी20I सीरीज
टीम इंडिया इस वक्त वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद टी20 इंटरनेशनल सीरीज घरेलू मैदान में खेल रही है। इसके बाद न्यूजीलैंड का लंबा दौरा करना है और कीवी दौरा खत्म होते ही श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज में तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। श्रीलंका के खिलाफ 13 दिसंबर से 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। तो वहीं इस 50 ओवर फॉर्मेट का रोमांच खत्म होने के बाद टीम इंडिया 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में उतरेगी।