IPL 2026 के बीच सेंट्रल सेंट्रल लिस्ट का हुआ ऐलान, CSK के खिलाड़ी को लगा झटका; चार नए प्लेयर्स की हुई एंट्री
IPL 2026 के बीच मेंस सेंट्रल सेंट्रल लिस्ट का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार को जगह नहीं मिली है। कुछ अन्य खिलाड़ियों को भी बाहर करते हुए चार नए प्लेयर्स को शामिल किया गया है।

IPL के 19वें सीजन के रोमांच के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार (1 अप्रैल) को 2026-27 सीजन के लिए ऑस्ट्रेलिया मेंस टीम की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट (Cricket Australia Central Contract List) का ऐलान कर दिया। उम्मीद के मुताबिक ज्यादातर प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है लेकिन कुछ अहम नामों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
जिन खिलाड़ियों को अनुबंध लिस्ट से ड्रॉप किया गया है, उसमें चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिन ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट भी शामिल हैं। शॉर्ट को कुछ समय से व्हाइट बॉल में रेगुलर मौके मिल रहे थे लेकिन अब लगता है कि उनको लेकर योजनाओं में बदलाव हुआ है।
मैथ्यू शॉर्ट और ग्लेन मैक्सवेल समेत इन खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से किया गया ड्रॉप
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ मैथ्यू शॉर्ट को ही नहीं, बल्कि कुल 6 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में जगह नहीं दी है। इन खिलाड़ियों में उस्मान ख्वाजा, ग्लेन मैक्सवेल, झाई रिचर्डसन, सैम कॉन्स्टास और लांस मॉरिस भी शामिल हैं। ख्वाजा का बाहर होना समझ आता है, क्योंकि उन्होंने इसी साल की शुरुआत में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को लेकर अश्विन का बड़ा बयान, बोले – "टीम इंडिया में अभी नहीं मिलना चाहिए मौका"
वहीं, मैक्सवेल भी वनडे से संन्यास ले चुके हैं और टेस्ट की योजनाओं में उन्हें शामिल नहीं किया जाता। दाएं हाथ का ऑलराउंडर सिर्फ टी20आई में खेल रहा था, लेकिन हालिया वर्ल्ड कप में कुछ खास नहीं किया। ऐसे में अब उन्हें लेकर कड़ा फैसला लिया गया है और माना जा सकता है कि शायद उनका इंटरनेशनल करियर अब खत्म है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने चार नए खिलाड़ियों को आगामी सीजन के लिए दिया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
ऑस्ट्रेलिया का आगामी सीजन काफी व्यस्त रहने वाला है और टीम को कई टेस्ट मुकाबले खेलने हैं। इसी वजह से कुछ टेस्ट स्पेशलिस्ट और प्रतिभाशाली गेंदबाजों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। ब्रेंडन डॉगेट, जेक वेदरल्ड, माइकल नेसर और टॉड मर्फी के रूप में चार नए खिलाड़ी इस बार अनुबंध लिस्ट का हिस्सा बने हैं। तेज गेंदबाज डॉगेट और ओपनर वेदरल्ड ने एशेज के दौरान अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
36 वर्षीय नेसर ने एशेज के दौरान प्रमुख तेज गेंदबाजों की मौजूदगी में अच्छा किया था और उन्हें आगामी टेस्ट मुकाबलों में भी अहम भूमिका सौंपी जा सकती है। इसी वजह से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में उन्हें जगह दी गई है। वहीं, भारत दौरे पर स्पिनर्स का अहम रोल रहेगा। इसी वजह से ऑफ स्पिनर मर्फी को वापस बुलाया गया है।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट को लेकर चीफ ऑफ सिलेक्टर जॉर्ज बेली ने कही ये बात
नेशनल सिलेक्टर जॉर्ज बेली ने आगामी सीजन के लिए घोषित हुई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट को लेकर कहा,
"कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट आगामी कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए, समय के साथ प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कार देने के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करती है। अगले 12 महीनों में विभिन्न परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करते हुए एक व्यस्त टेस्ट कार्यक्रम शामिल है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड के साथ-साथ गर्मियों में घरेलू टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। इस बात का प्रमाण अनुबंध सूची में मिलता है, जिसमें टेस्ट और मल्टी-फॉर्मेट के खिलाड़ियों की प्रधानता है। आगामी सीरीज के कार्यक्रम को देखते हुए, हम जानते हैं कि हमें अनुबंधित खिलाड़ियों के अलावा अन्य खिलाड़ियों की भी आवश्यकता होगी और हम उनका उपयोग करते रहेंगे।"
बता दें कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 21 खिलाड़ियों को ही कॉन्ट्रैक्ट दिया है। सूची से बाहर के खिलाड़ी अगले 12 महीनों में नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलकर अपनी रैंकिंग में सुधार प्राप्त कर सकते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन के बीच हुए समझौते के अनुसार, प्रारंभिक सूची में 20 से 24 खिलाड़ी शामिल होने चाहिए।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया मेंस सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2026-27
जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, ब्रेंडन डॉगेट, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर, एडम ज़म्पा
नए खिलाड़ी - ब्रेंडन डॉगेट, जेक वेदरल्ड, माइकल नेसर, टॉड मर्फी
बाहर हुए खिलाड़ी - उस्मान ख्वाजा (रिटायर), सैम कॉन्स्टास, ग्लेन मैक्सवेल, लांस मॉरिस, झाई रिचर्डसन, मैट शॉर्ट
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




