GT vs RR: राजस्थान की रोमांचक जीत, आखिरी 2 ओवर में पलटा मैच; गुजरात के हाथ से फिसली जीत
IPL 2026 में RR vs GT मैच में राजस्थान रॉयल्स ने अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस को 6 रन से हराया, आखिरी दो ओवर में पलटा रोमांचक मुकाबला।

IPL 2026 GT vs RR: आईपीएल 2026 का नौवां मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को 6 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम 20 ओवर में 204/8 ही बना सकी। मैच आखिरी दो ओवर तक पूरी तरह गुजरात के पक्ष में नजर आ रहा था, लेकिन राजस्थान के गेंदबाजों ने शानदार वापसी कर मुकाबला पलट दिया।
जुरेल और जायसवाल की मदद से RR ने बनाया बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 210/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों में 55 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके अलावा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में 31 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी।
इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 75 रन बनाए और टॉप स्कोरर रहे। जुरेल की पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। अंत में शिमरोन हेटमायर ने 8 गेंदों में 18 रन की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 210 तक पहुंचाया।
गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा प्रसिद्ध कृष्णा और कार्यवाहक कप्तान राशिद खान को 1-1 विकेट मिला।
साई सुदर्शन ने मजबूत शुरुआत के साथ रखी जीत की नींव
211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही। साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 73 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। जोस बटलर ने भी 14 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेली। हालांकि बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से गुजरात दबाव में आ गई। इस दौरान रवि बिश्नोई लगातार सफलताएं हासिल करते रहे और अपने स्पेल में 4 विकेट लेकर GT को बैकफुट पर ला दिया।
आखिरी 2 ओवर में पलटा मैच
मैचका असली रोमांच आखिरी दो ओवरों में देखने को मिला। 18 ओवर के बाद गुजरात को जीत के लिए 12 गेंदों में 15 रन चाहिए थे और क्रीज पर राशिद खान और कगिसो रबाडा मौजूद थे। 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिए, जिससे दबाव बढ़ गया। इसके बाद आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे को 11 रन बचाने की जिम्मेदारी मिली।
अंतिम ओवर में देशपांडे ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने सटीक यॉर्कर और कसी हुई गेंदबाजी से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। ओवर की पांचवीं गेंद पर देशपांडे ने बड़ा झटका देते हुए राशिद (24) को आउट कर दिया। आखिरी गेंद पर गुजरात को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, लेकिन अशोक शर्मा रन नहीं बना सके और राजस्थान ने 6 रन से रोमांचक जीत हासिल कर ली।
राजस्थान की तरफ से रवि बिश्नोई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और कप्तान रियान पराग ने 1-1 विकेट लिया।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




