"मुझे अपने कप्तान...", DC से हार के बाद संजीव गोयनका ने ऋषभ पंत को लेकर कही बड़ी बात
IPL 2026 में LSG को अपने पहले मैच में DC के हाथों 6 विकेट से हार मिली। इस मैच के बाद लखनऊ की टीम के मालिक संजीव गोयनका ने अपना रिएक्शन दिया।

आईपीएल 2026 के पांचवां मैच दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के नाम रहा। दिल्ली की टीम ने अपने गेंदबाजों के दम पर इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। हालांकि, इस हार के बावजूद LSG टीम के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को बैक किया है और हार-जीत को खेल का हिस्सा बताया है।
संजीव गोयनका ने LSG की हार के बाद क्या कहा?
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुए इस मैच में लखनऊ की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की और 18.4 ओवरों में 141 रनों पर सिमट गई। टीम के कई विस्फोटक बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। इनमें एडेन मार्करम (11), पंत (7), निकोलस पूरन (8) और आयुष बदोनी (9) जैसे प्लेयर्स के नाम शामिल रहे। जवाब में 142 रनों के टारगेट को दिल्ली की टीम ने समीर रिजवी (70*) की शानदार पारी की मदद से 17 गेंदें बाकी रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
गोयनका ने पंत और टीम को किया बैक
मैच खत्म होने के बाद गोयनका को कप्तान पंत और हेड कोच जस्टिन लैंगर के साथ कुछ बातचीत करते हुए देखा था। इस वाकये के वीडियोस सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हालांकि, इस दौरान इन सभी के बीच क्या बातचीत हुई थी, इसे लेकर कुछ कहना मुश्किल है।
वहीं, मुकाबले के खत्म होने के बाद गोयनका ने एक्स पर एक ट्वीट में लिखा,
"यह एक लंबा सीजन है और इस तरह के उतार-चढ़ाव एक मजबूत टीम बनाने का हिस्सा होते हैं। मुझे अपने कप्तान और पूरी टीम पर पूरा भरोसा है कि वे मजबूती से वापसी करेंगे। हमारे सभी फैंस को इकाना स्टेडियम में आज हमारा साथ देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हम और भी दमदार तरीके से लौटेंगे। इस सीजन में लखनऊ की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, असली खेल अभी बाकी है।"
लखनऊ सुपर जायंट्स का दूसरा मैच किस टीम के खिलाफ है?
IPL के मौजूदा सीजन में लखनऊ की टीम अब अपना दूसरा मैच 5 अप्रैल को खेलेगी। जहां उसके सामने इशान किशन की सेना होगी। SRH बनाम LSG के बीच होने वाला ये मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होगा। पंत की टीम इस मैच को जीतकर टूर्नामेंट में जीत का खाता खोलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।




