IPL 2026 के बीच धाकड़ बल्लेबाज ने रिटायरमेंट का किया ऐलान, सेंट्रल कॉन्टैक्ट से बाहर होने के बाद लिया बड़ा फैसला
रसी वान डर डुसेन ने सोशल मीडिया के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। वह पिछले लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे थे।

भारत में इन दिनों आईपीएल के 19वें सीजन का खुमार छाया हुआ है और टूर्नामेंट में अब तक पांच मुकाबले खेले जा चुके हैं। मेगा लीग के रोमांच के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज रसी वान डेर डुसेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। डुसेन आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच पिछले साल अगस्त में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
रसी वान डेर डुसेन ने किया संन्यास का ऐलान
डुसेन काफी समय से दक्षिण अफ्रीका टीम से बाहर चल रहे थे। 31 मार्च को क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने सत्र 2026-27 के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को जारी किया था, जिसमें कई प्रमुख खिलाड़ियों को इस बार जगह नहीं मिली। इसमें डुसेन का नाम भी शामिल रहा। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद इसी वजह से डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा है।
डुसेन ने सोशल मीडिया के जरिए अपने संन्यास की घोषणा की है और उन्होंने क्रिकेट साउथ अफ्रीका का आभार भी व्यक्त किया है। डुसेन ने लिखा,
'मैं बहुत ही गर्व और आभार के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। दक्षिण अफ्रीका की जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है जिसमें बहुत अधिक मेहनत और अटूट समर्पण की जरूरत होती है। यह सफर आपको परखता भी है और आपको बेहतरीन तरीके से पुरस्कृत भी करता है। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। यह सफर सालों के त्याग और बलिदान से बना है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य हर उस पल के लायक था।'
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच सेंट्रल सेंट्रल लिस्ट का हुआ ऐलान, CSK के खिलाड़ी को लगा झटका; चार नए प्लेयर्स की हुई एंट्री
इसके साथ डुसेन ने कहा कि अपने परिवार के नाम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की जिम्मेदारी को निभाना मेरे लिए गर्व की बात रही। मैं बस अपने उसी माहौल और वर्षों के भाईचारे, प्यार और महान बनने की कोशिशों का एक नतीजा हूं।
डुसेन ने लायंस टीम और अपने दोस्त क्रिस कार्डोसो को भी कहा शुक्रिया
'मैं 'लायंस' टीम का बहुत आभारी हूं, विशेष रूप से लायंस के वर्तमान और पूर्व CEO, जोनो लीफ-राइट और ग्रेग फ्रेडरिक्स का। सालों तक आपके अटूट साथ और समर्थन ने वह नींव तैयार की जिस पर मेरा अंतरराष्ट्रीय करियर बना। जब रास्ता लंबा और कठिन था, तब आपने मुझ पर विश्वास किया,और इसके लिए मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा। क्रिकेट साउथ अफ्रीका, हनोक न्क्वे, और उन सभी कोचों और प्रबंधकों को धन्यवाद, जिन्होंने मुझे इतने सालों तक 'प्रोटियाज' की जर्सी पहनने का मंच दिया।'
'मेरे दोस्त, क्रिस कार्डोसो के लिए, हम 22 साल से दोस्त हैं और उनमें से 18 साल तक आप मेरे एजेंट और मैनेजर रहे हैं। उससे भी बढ़कर, आप मेरे सबसे करीबी और भरोसेमंद साथी रहे हैं। मेरा मार्गदर्शन करने, मुझे सलाह देने और मेरे करियर के हर छोटे-बड़े फैसले में मजबूती से मेरे साथ खड़े रहने के लिए आपका शुक्रिया। आपकी वफादारी और समझदारी इस पूरे सफर में मेरे लिए कंपास की तरह मदद करती रही है।'
वहीं, डुसेन ने अपनी पत्नी लारा को भी खासतौर पर शुक्रिया कहा कि उन्होंने इस बेतरीन सफर में हर पल उनका साथ निभाया। डुसेन ने फैंस को उन्हें हमेशा सपोर्ट करने के लिए उनकी सराहना की।
डुसेन ने युवा खिलाड़ियों को दी ये सलाह
'युवा खिलाड़ियों को मेरी सलाह हमेशा यही रही है और आगे भी रहेगी कि बड़े सपने देखें और उन्हें हासिल करने के लिए अपना सब कुछ झोंक दें। मैंने कभी भी खुद को दूसरों से ज्यादा खास या पैदाइशी टैलेंटेड नहीं माना। यह साधारण सा सच कि मैं अपना सबसे बड़ा सपना जी सका, इस बात का सबूत है कि आप भी ऐसा कर सकते हैं, चाहे आपका सपना कुछ भी हो'
भले ही प्रोटियाज की जर्सी में मेरा समय खत्म हो गया है, लेकिन मेरी यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। मैं अपनी प्यारी टीम 'लायंस' के लिए खेलना जारी रखूंगा और अगली पीढ़ी के दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटरों को सिखाकर और उनका मार्गदर्शन करके इस खूबसूरत खेल को अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
मुझे दक्षिण अफ्रीका से प्यार है, और मुझे क्रिकेट से प्यार है। सब कुछ के लिए शुक्रिया।
रसी वान डेर डुसेन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर
डुसेन ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 9 अक्टूबर 2018 को जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टी20 मैच से किया था। अपने करियर के दौरान उन्होंने 57 टी20, 71 वनडे और 18 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान डुसेन ने टेस्ट में 905, वनडे में 2657 और टी20 में 1406 रन बनाए। वनडे में डुसेन के नाम 6 शतक हैं। इनमें से एक शतक उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड (133) के खिलाफ लगाया था, जो उनकी यादगार पारियों में से एक है।




