IPL 2026: MI vs KKR मैच में कैमरन ग्रीन ने क्यों नहीं की गेंदबाजी? सामने आई सच्चाई; अजिंक्य रहाणे ने बोला झूठ?
मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के कैमरन ग्रीन ने गेंदबाजी क्यों नहीं की? अब Cricket Australia ने असली वजह बता दी है, जिसके कारण अजिंक्य रहाणे के बयान पर सवाल उठ रहे हैं।

Cameron Green Bowling Update: 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला खेला गया, जिसमें मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की टक्कर हुई। यह मैच काफी हाई-स्कोरिंग रहा, जिसमें घरेलू टीम मुंबई को 6 विकेट से जीत हासिल हुई।
कोलकाता की टीम ने 221 का लक्ष्य दिया था लेकिन एमआई के बल्लेबाजों के सामने उनके गेंदबाजों की एक भी नहीं चली और बेहद आसानी से टारगेट को हासिल कर लिया। हालांकि, जब केकेआर के गेंदबाजों की धुनाई हो रही थी, तब सभी के मन में सवाल था कि ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन से गेंदबाजी क्यों नहीं कराई जा रही।
मैच के बाद, इस बारे में जब कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे से सवाल किया गया तो वो थोड़ा सा नाराज दिखे और उन्होंने कहा कि यह सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए। यानी रहाणे ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ही जवाब दे सकता है कि ग्रीन को गेंदबाजी की अनुमति क्यों नहीं है। अब इस पर अहम जानकारी सामने आई है, जिसके बाद केकेआर के कप्तान पर झूठ बोलने का आरोप लगाया जा रहा है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन के गेंदबाजी न करने को लेकर दी सफाई
जैसा कि हमने बताया, अजिंक्य रहाणे ने कैमरन ग्रीन के मुंबई इंडियंस के खिलाफ गेंदबाजी न करने के बारे में पूछे जाने पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से जवाब मांगने को कहा। अब ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ने साफ़ करा दिया है कि ग्रीन लोअर बैक इंजरी से उबर रहे हैं और इसी वजह से गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: फखर जमान की शर्मनाक हरकत, PSL 2026 में मैच के दौरान की बॉल टैंपरिंग; मंडराया बैन का खतरा
उनके गेंदबाजी शुरू करने की टाइमलाइन के बारे में केकेआर को पूरी जानकारी है। इसी वजह से चर्चा हो रही है कि जब कोलकाता की टीम को जानकारी थी कि ग्रीन कुछ समय के लिए गेंदबाजी नहीं करेंगे, तो रहाणे ने झूठ क्यों बोला।
इंजरी की वजह से कैमरन ग्रीन नहीं कर रहे गेंदबाजी
सोमवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा,
"कैमरन को कमर में चोट लगी है, जिसका इलाज चल रहा है, लेकिन इसके चलते उन्हें कुछ समय के लिए गेंदबाजी से दूर रहना होगा। कैमरन फिलहाल भारत में अपनी गेंदबाजी की तैयारी कर रहे हैं ताकि लगभग 10-12 दिनों में वापसी कर सकें। केकेआर को इस बारे में सूचित कर दिया गया है और उन्हें इसकी पूरी जानकारी है।"
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिली जानकारी के बाद, दाएं हाथ के ऑलराउंडर के गेंदबाजी न करने को लेकर आलोचना करने वालों को जवाब मिल गया है। सवाल उठ रहे थे कि नीलामी में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी ग्रीन को 25.20 करोड़ ऑलराउंडर की भूमिका के लिए मिले थे लेकिन वो एक बल्लेबाज के रूप में क्यों खेल रहे हैं। अब साफ़ हो गया है कि केकेआर को पूरी तरह से जानकारी थी कि 26 वर्षीय शुरूआती मुकाबलों में गेंदबाजी नहीं कर पाएगा।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




