10 किलो वजन बढ़ने के दावों के बीच प्रभसिमरन सिंह ने दिया जवाब, इंस्टा स्टोरी से दिखाई फिटनेस
10 किलो वजन बढ़ने के दावों के बीच प्रभसिमरन सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की। इस पोस्ट को फिटनेस पर उठ रहे सवालों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

Prabhsimran Singh Instagram story amid 10 kg weight gain rumours: पंजाब किंग्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह पिछले कुछ दिनों से अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि आईपीएल 2026 के दौरान करीब एक महीने में उनका वजन करीब 10 किलो बढ़ गया है। इन चर्चाओं के बीच प्रभसिमरन ने खास इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर बिना कुछ कहे अपने आलोचकों को जवाब देने की कोशिश की है। उन्होंने अपनी फिजीक दिखाते हुए स्टोरी पोस्ट की, जिस पर शशिंग इमोजी (चुप रहने का इशारा) भी नजर आया।
वजन बढ़ने के दावों का प्रभसिमरन ने इंस्टा स्टोरी से दिया जवाब
बुधवार, 13 मई को प्रभसिमरन सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में धर्मशाला की लोकेशन के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में वह खुले मैदान और पहाड़ी इलाके के बीच सिर्फ शॉर्ट्स पहने नजर आए। स्टोरी पर लगे शशिंग इमोजी को फैंस उनके जवाब के तौर पर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रभसिमरन ने इस पोस्ट के जरिए अपने वजन और फिटनेस को लेकर उठ रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी है।
प्रभसिमरन सिंह के वजन को लेकर क्या था पूरा मामला?
दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ पत्रकार ने दावा किया था कि प्रभसिमरन सिंह का वजन आईपीएल 2026 के दौरान करीब 10 किलो बढ़ गया है। इन दावों के बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, प्रभसिमरन ने कोई लंबा बयान देने के बजाय इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए ही इन चर्चाओं का जवाब दिया। कई रिपोर्ट्स में इसे वजन बढ़ने की अफवाहों को खारिज करने वाला कदम बताया गया है।
वहीं, इससे पहले पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा भी सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और गलत नैरेटिव को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। फ्रेंचाइज़ी ने भी लोगों से अपील की थी कि टीम और खिलाड़ियों को लेकर गलत जानकारी न फैलाई जाए। प्रभसिमरन की इंस्टा स्टोरी को भी इसी माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: RCB vs KKR: कोलकाता के लिए करो या मरो का मुकाबला, हार से बिगड़ जाएगा प्लेऑफ समीकरण
IPL 2026 में प्रभसिमरन सिंह का दमदार प्रदर्शन
प्रभसिमरन सिंह कई सीजन से पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं और उनके ऊपर फ्रेंचाइज़ी ने काफी भरोसा दिखाया है। इस सीजन अपने प्रदर्शन से प्रभसिमरन ने भी बल्ले से दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा को साबित किया है। उन्होंने कई मैचों में तेज शुरुआत दिलाने के साथ ही बड़ी पारियां खेली। अभी तक दाएं हाथ के खिलाड़ी ने 10 पारियों में 42.44 की औसत और 169.02 की स्ट्राइक रेट से 382 रन बनाए हैं।
हालांकि, पिछले कुछ मैचों में उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है लेकिन अगले तीन मैचों में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए पंजाब को अपने शेष तीनों ही मैच जीतने जरूरी हैं। इसी वजह से प्रभसिमरन का योगदान काफी अहम रहेगा।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




