ताजा खबर

IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! रिटेंशन की डेडलाइन बदली, ऑक्शन की तारीख और वेन्यू पर भी आया अपडेट

आईपीएल के अगले साल होने वाले संस्करण से पहले अगले महीनें मिनी ऑक्शन होने जा रहा है। 16 दिसंबर को होने वाली नीलामी से पहले रिटेंशन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है।

KK
द्वाराKalpesh Kalal
प्रकाशित 4 मिनट पढ़ें
IPL 2027 Retention Deadline
IPL 2027 Retention Deadline

IPL 2027 Retention Deadline: आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजियों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से रिटेंशन लिस्ट जमा करने की डेडलाइन में बदलाव किया गया है। पहले सभी टीमों को 15 नवंबर तक अपने रिटेन और रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट सौंपनी थी, लेकिन अब इसके लिए दो दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, रिटेंशन की नई डेडलाइन 17 नवंबर तय की गई है। वहीं, ऑक्शन की तारीख और वेन्यू को लेकर भी अहम अपडेट सामने आया है।

अब 17 नवंबर तक देनी होगी रिटेंशन लिस्ट

आईपीएल 2027 के ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों को अपनी टीमों का भविष्य तय करना है। किस खिलाड़ी पर भरोसा बरकरार रहेगा और किस बड़े नाम को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, इसका फैसला रिटेंशन लिस्ट से होगा। पहले यह लिस्ट जमा करने की आखिरी तारीख 15 नवंबर थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 17 नवंबर कर दिया गया है। इस बदलाव से सभी 10 टीमों को अपनी रणनीति पर काम करने के लिए दो अतिरिक्त दिन मिलेंगे। 

हमें अपने विश्वसनीय स्रोत के रूप में जोड़ेंहमारी कवरेज सबसे पहले पाने के लिए Google पर Cricket Winner को फ़ॉलो करें।
★ Cricket Winner जोड़ें

मिनी ऑक्शन में टीमों को मिलेगी ये खास छूट

आईपीएल 2027 का ऑक्शन मिनी ऑक्शन होगा। इसका मतलब है कि इस बार मेगा ऑक्शन जैसी बड़ी स्तर पर टीमों का पुनर्गठन नहीं होगा। फ्रेंचाइजियां अपने मौजूदा खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ सकती हैं और अपनी जरूरत के मुताबिक नए खिलाड़ियों को खरीदने पर ध्यान देंगी।

मिनी ऑक्शन में टीमों को खिलाड़ियों को रिटेन करने की संख्या को लेकर मेगा ऑक्शन जैसी तय सीमा का सामना नहीं करना पड़ता। फ्रेंचाइजियां अपनी रणनीति और उपलब्ध पर्स के हिसाब से खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं। हालांकि, इस ऑक्शन में राइट टू मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। यानी अगर कोई फ्रेंचाइजी अपने किसी खिलाड़ी को रिलीज करती है, तो उसे नीलामी में वापस हासिल करने के लिए दूसरी टीमों के साथ बोली लगानी होगी।

16 दिसंबर को गोवा में ही होगा IPL 2027 का ऑक्शन

रिटेंशन की डेडलाइन में बदलाव के बीच ऑक्शन की तारीख और वेन्यू को लेकर भी स्थिति साफ होती नजर आ रही है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन तय कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर को ही आयोजित किया जाएगा।

इस बार खिलाड़ियों की नीलामी गोवा के आईटीसी ग्रैंड होटल में होगी। फिलहाल ऑक्शन की तारीख और वेन्यू में किसी तरह के बदलाव की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, ऑक्शन शुरू होने के समय को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। माना जा रहा है कि इसकी शुरुआत दोपहर 1 या 2 बजे के आसपास हो सकती है।

यह भी पढ़े- भारतीय टीम का ऐलान, तिलक वर्मा को मिली कमान,सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा भी टीम में शामिल, देखें पूरा स्क्वाड

ऑक्शन वाले दिन टीम इंडिया भी खेलेगी मुकाबला

आईपीएल ऑक्शन के कार्यक्रम की एक दिलचस्प बात यह भी है कि जिस दिन फ्रेंचाइजियां खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये की बोली लगाएंगी, उसी दिन भारतीय क्रिकेट टीम भी मैदान पर नजर आएगी। दरअसल, 16 दिसंबर को भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मुकाबला खेला जाना है। ऐसे में क्रिकेट फैंस के लिए यह दिन काफी खास हो सकता है। एक तरफ टीम इंडिया का मुकाबला होगा, तो दूसरी तरफ आईपीएल की 10 फ्रेंचाइजियां अपनी टीम को मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों पर दांव लगाती नजर आएंगी।

फिलहाल सभी टीमों का ध्यान 17 नवंबर तक रिटेंशन लिस्ट तैयार करने पर है। इसके बाद साफ हो जाएगा कि कौन से खिलाड़ी अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के साथ बने रहेंगे और किन बड़े नामों को नई टीम की तलाश करनी होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार मिनी ऑक्शन से पहले कौन सी फ्रेंचाइजी सबसे चौंकाने वाला फैसला लेती है।

हमें फॉलो करें9M+ fans across platforms

लेखक के बारे में

KK
लेखक

Kalpesh Kalal

admin · 526 लेख
“

विजेता का नाम घोषित करना मेरा काम नहीं है

रोहित शर्मा, 2019 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को खिताब देने पर सवाल के जवाब में