IPL 2027: रिटेंशन से पहले मचा तहलका! अब तक 8 खिलाड़ियों का ट्रेड, कई टीमों की बदल गई तस्वीर
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के रिटेंशन की आखिरी तारीख 17 नवंबर को तय की गई है। इससे पहले कईं खिलाड़ी रिटेन हो चुके हैं। जिसमें अब अर्शदीप और हार्दिक की अदला-बदली की खबरें तेज हैं।

IPL 2027 Trade Window: आईपीएल 2027 के रिटेंशन से पहले ही फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली का खेल तेज हो गया है। इस बार टीमें ऑक्शन का इंतजार करने के बजाय ट्रेड विंडो के जरिए ही अपनी जरूरत के खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने की कोशिश कर रही हैं। किसी को अपनी बल्लेबाजी मजबूत करनी है तो कोई गेंदबाजी आक्रमण को धार देने में जुटा है। इसी रणनीति के तहत अब तक 8 खिलाड़ियों का ट्रेड कंफर्म हो चुका है और कई टीमों की तस्वीर बदल गई है।
दिलचस्प बात यह है कि हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर भी मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच ट्रेड की चर्चाएं तेज हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पंजाब किंग्स में जा सकते हैं, जबकि अर्शदीप मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, अभी इस डील की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर यह ट्रेड पूरा होता है तो आईपीएल 2027 के ट्रेड बाजार में एक और बड़ा धमाका देखने को मिलेगा।
लेकिन हार्दिक-अर्शदीप की संभावित डील से पहले ही 8 खिलाड़ी अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी का साथ छोड़कर नई टीमों से जुड़ चुके हैं। आइए जानते हैं अब तक हुए सभी ट्रेड की पूरी लिस्ट।
ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की हुई अदला-बदली
आईपीएल 2027 के लिए सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बड़ा ट्रेड देखने को मिला। इस डील के तहत ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई, जबकि कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन गए।
इस ट्रेड में ऋषभ पंत को 15 करोड़ रुपये और कुलदीप यादव को 13.5 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी सामने आई है। दोनों ही खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं। ऐसे में यह ट्रेड आगामी सीजन के समीकरण बदल सकता है।
CSK और SRH के बीच चार खिलाड़ियों का बड़ा ट्रेड
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कुल चार खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है। इस ट्रेड में दोनों फ्रेंचाइजियों ने अपनी जरूरत के हिसाब से टीम में बदलाव किया है।
लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स सनराइजर्स हैदराबाद का साथ छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए हैं। वहीं, खलील अहमद और नाथन एलिस चेन्नई से निकलकर हैदराबाद की टीम में चले गए हैं।
यह भी पढ़े- IPL 2027: हार्दिक पांड्या के लिए अर्शदीप सिंह को छोड़ना पंजाब किंग्स की कितनी बड़ी गलती?
टी नटराजन की SRH में वापसी, जीशान अंसारी पहुंचे दिल्ली
सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी खिलाड़ियों की अदला-बदली की है। इस ट्रेड में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन दिल्ली कैपिटल्स का साथ छोड़कर एक बार फिर सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ गए हैं।
हार्दिक-अर्शदीप ट्रेड पर भी टिकी नजरें
अब तक हुए इन तीन बड़े ट्रेड में कुल 8 खिलाड़ी अपनी टीम बदल चुके हैं। लेकिन ट्रेड विंडो में सबसे ज्यादा चर्चा हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर हो रही है। अगर मुंबई और पंजाब के बीच यह डील पूरी होती है, तो दोनों टीमों के संयोजन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
अब तक ट्रेड हो चुके सभी खिलाड़ी
ऋषभ पंत - लखनऊ सुपर जायंट्स से दिल्ली कैपिटल्स - 15 करोड़
कुलदीप यादव - दिल्ली कैपिटल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स - 13.50 करोड़
टी नटराजन - दिल्ली कैपिटल्स से सनराइजर्स हैदराबाद - 5 करोड़
जीशान अंसारी - सनराइजर्स हैदराबाद से दिल्ली कैपिटल्स - 40 लाख
लियाम लिविंगस्टोन - सनराइजर्स हैदराबाद से चेन्नई सुपर किंग्स - 6 करोड़
खलील अहमद - चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद - 4.8 करोड़
जैक एडवर्ड्स - सनराइजर्स हैदराबाद से चेन्नई सुपर किंग्स - 3 करोड़
नाथन एलिस - चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद - 2 करोड़




