IPL 2027: हार्दिक पांड्या के लिए अर्शदीप सिंह को छोड़ना पंजाब किंग्स की कितनी बड़ी गलती?
आईपीएल 2027 के रिटेंशन को लेकर सबसे बड़ी डील पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने जा रही है, जहां PBKS अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस को देकर हार्दिक पंड्या को लेने की तैयारी में है।

Arshdeep singh-Hardik Pandya trade deal:आईपीएल की दुनिया में कई बार एक खिलाड़ी को हासिल करने के लिए फ्रेंचाइजी को अपनी सबसे मजबूत कड़ी की कुर्बानी देनी पड़ती है। लेकिन क्या एक बड़े ऑलराउंडर को टीम में शामिल करने के लिए अपने सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज को छोड़ना समझदारी है? पंजाब किंग्स के सामने भी अब कुछ ऐसा ही सवाल खड़ा हो गया है। IPL 2027 से पहले हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर प्रस्तावित ट्रेड डील ने क्रिकेट जगत में चर्चा तेज कर दी है।
अर्शदीप सिंह और हार्दिक को लेकर PBKS-MI में ट्रेड डील हुई तय
अगर रिपोर्ट्स के मुताबिक यह अदला-बदली पूरी होती है, तो पंजाब किंग्स को हार्दिक पंड्या मिल जाएंगे, लेकिन बदले में उसे अपने उस गेंदबाज को छोड़ना पड़ेगा, जिसने पिछले कई सीजन से टीम के गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभाली है। ऐसे में सवाल है कि क्या पंजाब का यह फैसला भविष्य के लिहाज से सही होगा या फिर टीम अपनी सबसे बड़ी ताकत खो देगी?
2019 में पंजाब ने दिया था मौका, अब टीम की सबसे बड़ी ताकत बने अर्शदीप
अर्शदीप सिंह का पंजाब किंग्स के साथ सफर साल 2019 में शुरू हुआ था। फ्रेंचाइजी ने उन्हें महज 20 लाख रुपये की कीमत पर अपने साथ जोड़ा था। शुरुआती दौर में वह टीम के लिए एक युवा तेज गेंदबाज थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की और पंजाब के प्रमुख गेंदबाज बन गए।
अर्शदीप की सबसे बड़ी खासियत उनका बाएं हाथ से गेंदबाजी करना है। नई गेंद से स्विंग कराने के साथ-साथ वह डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर डालने की क्षमता रखते हैं। दबाव के समय विकेट निकालना भी उनकी बड़ी ताकत रही है।
यह भी पढ़े- IPL 2027 से पहले CSK का बड़ा दांव! लियाम लिविंगस्टोन को लेकर SRH के सामने रखा ट्रेड ऑफर?
आईपीएल में पंजाब किंग्स की रीढ़ रहे हैं अर्शदीप सिंह
अगर उनके IPL करियर के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक वह 96 मुकाबलों में 111 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। 2021 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 32 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं, 2022 में 10, 2023 में 17, 2024 में 19 और 2025 में 21 विकेट लेकर उन्होंने लगातार अपनी उपयोगिता साबित की।
2025 के मेगा ऑक्शन में पंजाब ने क्यों खर्च किए 18 करोड़?
अर्शदीप सिंह की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2025 के मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें किसी भी कीमत पर अपने हाथ से जाने नहीं दिया। दरअसल, अर्शदीप पर सनराइजर्स हैदराबाद ने 18 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी, लेकिन पंजाब किंग्स ने अपने राइट टू मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें वापस हासिल कर लिया।
इस तरह पंजाब ने अर्शदीप पर 18 करोड़ रुपये खर्च किए। यह फैसला सिर्फ उनके पिछले प्रदर्शन को देखकर नहीं लिया गया था, बल्कि भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की उपलब्धता, उम्र, अनुभव और भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए लिया गया था।
टी20 इंटरनेशनल में भी अर्शदीप का जबरदस्त दबदबा
अर्शदीप सिर्फ IPL में ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम के लिए भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जुलाई 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इसके बाद वह टीम इंडिया के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल हो गए।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की खिताबी जीत में भी उनकी अहम भूमिका रही। अब वह टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उनके नाम 103 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 150 विकेट दर्ज हैं।
हार्दिक के लिए अर्शदीप को छोड़ना कितना सही?
इसमें कोई शक नहीं कि हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स के लिए एक बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं। उनकी बल्लेबाजी, तेज गेंदबाजी और ऑलराउंड क्षमता टीम को संतुलन दे सकती है। लेकिन दूसरी तरफ अर्शदीप को खोने का मतलब होगा कि पंजाब को अपने गेंदबाजी आक्रमण में एक बड़ा बदलाव करना पड़ेगा।
खासतौर पर डेथ ओवर्स में अर्शदीप की जगह भरना आसान नहीं होगा। भारतीय तेज गेंदबाज होने के कारण वह टीम के संयोजन में भी काफी अहम हैं।
ऐसे में यह ट्रेड पंजाब के लिए फायदे और नुकसान दोनों लेकर आ सकता है। हार्दिक के आने से बल्लेबाजी मजबूत होगी, लेकिन अर्शदीप के जाने से गेंदबाजी कमजोर पड़ने का खतरा भी रहेगा। मेरे मुताबिक, अगर पंजाब को हार्दिक के लिए अर्शदीप को छोड़ना पड़ता है, तो यह फैसला लेने से पहले उसे गेंदबाजी का मजबूत विकल्प जरूर तैयार रखना होगा।




