IPL में 40 करोड़ का 'ब्लैकमेल'! स्टार खिलाड़ियों की नई डिमांड से फ्रेंचाइजियों के उड़े होश, कहा- इतना दो वरना ऑक्शन में जाएंगे
आईपीएल 2027 के रिटेंशन से पहले एक होश उड़ानें वाली खबर सामने आई है, जहां कुछ खिलाड़ियों ने फ्रेंचाइजियों से 40 करोड़ रूपये रिटेंशन के रूप में देने की मांग की है।

IPL 2027 Retention:आईपीएल 2027 के रिटेंशन से ठीक पहले क्रिकेट की दुनिया में एक ऐसा बवाल खड़ा होता नजर आ रहा है, जिसने फ्रेंचाइजियों की टेंशन बढ़ा दी है। अब तक नीलामी में खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये खर्च करने वाली टीमों के सामने खुद उनके स्टार खिलाड़ियों ने ऐसी डिमांड रख दी है, जिसे पूरा करना हर फ्रेंचाइजी के लिए आसान नहीं होगा। मामला सिर्फ टीम में बने रहने या बाहर होने का नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की कीमत और खिलाड़ियों की शर्तों से जुड़ा है।
टीम में बने रहने के लिए खिलाड़ियों ने की फ्रेंचाइजियों से 40 करोड़ रूपये की मांग
खबरों के मुताबिक, कुछ बड़े खिलाड़ियों ने रिटेन होने के लिए 40 करोड़ रुपये तक की मांग रखी है। इतना ही नहीं, उनकी शर्त है कि अगर फ्रेंचाइजी इतनी रकम देने को तैयार नहीं होती, तो वे रिटेंशन से बाहर होकर सीधे ऑक्शन में उतरना पसंद करेंगे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आईपीएल में अब खिलाड़ियों की कीमत फ्रेंचाइजियां नहीं, बल्कि खुद खिलाड़ी तय करेंगे? और क्या 40 करोड़ की यह डिमांड IPL 2027 के रिटेंशन का पूरा समीकरण बदलने वाली है?
खिलाड़ियों ने शुरू किया ब्लैकमेल गेम
आईपीएल में अब तक आपने खिलाड़ियों पर 20 से 27 करोड़ रुपये तक की बोली लगते हुए देखी होगी, लेकिन आने वाले समय में यह आंकड़ा भी छोटा पड़ सकता है। आईपीएल 2028 के मेगा ऑक्शन से पहले ही फ्रेंचाइजियों के सामने एक ऐसी चुनौती खड़ी होती नजर आ रही है, जो उनके पूरे टीम कॉम्बिनेशन का गणित बिगाड़ सकती है। दरअसल, लीग के कुछ बड़े स्टार खिलाड़ियों ने अपनी मौजूदा टीमों के साथ बने रहने के लिए कथित तौर पर 40 करोड़ रुपये तक की रिटेंशन फीस की मांग रख दी है। अगर ये मांगें पूरी होती हैं तो आईपीएल के इतिहास में खिलाड़ियों की कीमतों को लेकर एक नया अध्याय शुरू हो सकता है।
खिलाड़ियों ने दी टीम छोड़ने की धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम दो बड़े खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजियों के सामने साफ कर दिया है कि अगर उन्हें उनकी उम्मीद के मुताबिक रकम नहीं मिली तो वे टीम का साथ छोड़ने के लिए तैयार हैं। इतना ही नहीं, कुछ अन्य स्टार खिलाड़ी भी रिटेंशन के बजाय मेगा ऑक्शन में उतरने का मन बना सकते हैं। खिलाड़ियों को भरोसा है कि उनकी लोकप्रियता, प्रदर्शन और मार्केट वैल्यू को देखते हुए ऑक्शन में उन्हें रिटेंशन से कहीं ज्यादा बड़ी रकम मिल सकती है। ऐसे में फ्रेंचाइजियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने स्टार खिलाड़ियों को रोकने और टीम के बाकी खिलाड़ियों के लिए बजट बचाने के बीच संतुलन बनाने की होगी।
पंत और अय्यर ने पहले ही दिखाया ऑक्शन का दम
आईपीएल में अपनी कीमत बढ़ाने के लिए ऑक्शन का रास्ता चुनना कोई नई रणनीति नहीं है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण 2025 के मेगा ऑक्शन में देखने को मिला था, जब ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजियों के साथ रिटेन होने के बजाय नीलामी में उतरने का फैसला किया। इसका नतीजा यह रहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत पर 27 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। अब 2028 से पहले भी कुछ बड़े खिलाड़ी इसी रणनीति पर चल सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि एक दिग्गज खिलाड़ी की तरफ से मोटी रकम के साथ-साथ कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपने की शर्त रखे जाने की चर्चा भी है।
यह भी पढ़े- IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! 7 टीमों के कप्तान बदलने की तैयारी, लिस्ट में चैंपियन भी शामिल
150 करोड़ हो सकता है टीमों का पर्स, फिर भी मुश्किल होगा गणित
आईपीएल 2028 के मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों के पर्स में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मौजूदा 120 करोड़ रुपये के बजट से यह रकम बढ़कर करीब 150 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। लेकिन अगर किसी एक खिलाड़ी को ही 40 करोड़ रुपये देने पड़ते हैं तो फ्रेंचाइजी का लगभग 26.7 प्रतिशत बजट सिर्फ एक नाम पर खर्च हो जाएगा। यानी बाकी टीम तैयार करने के लिए करीब 110 करोड़ रुपये ही बचेंगे। ऐसे में सवाल यह है कि क्या फ्रेंचाइजियां अपने सबसे बड़े सितारों को रोकने के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च करने का जोखिम उठाएंगी या फिर उन्हें ऑक्शन के बाजार में जाने देंगी?




