IPL 2028: फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी! आईपीएल में शामिल होंगी 2 नई टीमें, इन दो शहरों की चमक सकती है किस्मत
इंडियन प्रीमियर लीग में मौजूदा समय में 10 टीमें खेल रही हैं। 2022 से पहले 8 टीमें थी, जिसके बाद पिछले 5 साल से गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स की टीमें खेल रही हैं।

IPL 2028 New Teams:इंडियन प्रीमियर लीग के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग का रोमांच आने वाले वर्षों में और बढ़ सकता है। खबरों के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आईपीएल में दो नई टीमों को शामिल करने के विकल्प पर विचार कर रहा है। अगर यह योजना हकीकत में बदलती है, तो आईपीएल में मौजूदा 10 टीमों की जगह 12 टीमें खेलती नजर आएंगी। इतना ही नहीं, दो नए शहरों के नाम भी सामने आ रहे हैं, जिन्हें आईपीएल फ्रेंचाइजी मिल सकती है।
2028 से आईपीएल में जुड़ सकती हैं दो नई टीमें
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई 2028 सीजन से कम से कम दो नई फ्रेंचाइजी जोड़ने की संभावनाएं तलाश रहा है। इस मामले में शुरुआती स्तर पर बातचीत चल रही है। खास बात यह है कि यह विस्तार आईपीएल के अगले मीडिया राइट्स साइकल (2028-2032) के साथ हो सकता है। हालांकि, अभी तक बीसीसीआई की ओर से इस योजना पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है।
पुणे और वडोदरा बन सकते हैं नए आईपीएल शहर
रिपोर्ट में दो ऐसे शहरों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें नई आईपीएल टीमों की मेजबानी मिल सकती है। इनमें महाराष्ट्र का पुणे और गुजरात का वडोदरा शामिल है। पुणे इससे पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुका है। यहां पुणे वॉरियर्स इंडिया और राइजिंग पुणे सुपरजायंट जैसी टीमें खेल चुकी हैं। वहीं, वडोदरा को आईपीएल में नई फ्रेंचाइजी मिलने से गुजरात में क्रिकेट का दायरा और बढ़ सकता है।
यह भी पढ़े- न ऑस्ट्रेलिया, न भारत और न इंग्लैंड... जिम्बाब्वे ने टेस्ट क्रिकेट में कर दिखाया नामुमकिन कारनामा!
1 अरब डॉलर से ज्यादा हो सकती है एक टीम की कीमत
नई टीमों को लेकर सबसे दिलचस्प बात उनकी कीमत है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्येक नई फ्रेंचाइजी का मूल्यांकन 1 अरब डॉलर से ज्यादा हो सकता है। कई बड़े भारतीय कारोबारी समूहों और विदेशी निवेशकों की भी इन टीमों में दिलचस्पी बताई जा रही है।
2022 में 8 से हुई थी 10 टीमें
आईपीएल में आखिरी बार 2022 में दो नई टीमों की एंट्री हुई थी, जब लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस लीग का हिस्सा बनी थीं। अब अगर 2028 में दो और टीमें जुड़ती हैं, तो मुकाबलों की संख्या और टूर्नामेंट का फॉर्मेट भी बदल सकता है। हालांकि, इसके लिए खिलाड़ियों की उपलब्धता, प्रसारण अधिकार और क्रिकेट कैलेंडर जैसे पहलुओं पर भी विचार करना होगा।
फिलहाल यह पूरी योजना शुरुआती चर्चा के स्तर पर है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई कब इस पर अंतिम फैसला लेता है।




