IPL में सबसे कम पारियों में 2000 रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज, नंबर 1 पर चौंकाने वाला नाम
IPL में सबसे कम पारियों में 2000 रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की पूरी लिस्ट जानें। किस खिलाड़ी ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड और कौन है नंबर 1, जानिए यहां।

Least Innings For 2000 Runs In IPL: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सबसे तेज 2000 रनों का रिकॉर्ड फिर से चर्चा में आ गया है। कुछ दिनों पहले सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा ने सबसे कम गेंदों में इस कारनामे को अंजाम देकर सुर्खियां बटोरी थीं। तब अभिषेक ने 1193 गेंदों में ऐसा किया था और वीरेंद्र सहवाग को पछाड़ा था, जिन्होंने 1211 गेंदों का सहारा लिया था।
हालांकि, अब इस रिकॉर्ड के चर्चा में आने की वजह सबसे कम गेंदें नहीं, बल्कि सबसे कम पारियां हैं। जी हां, आईपीएल में पारियों के लिहाज से सबसे तेज 2000 रनों का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज था। उनका यह रिकॉर्ड 13 साल तक कायम रहा, लेकिन वह दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। मौजूदा आईपीएल सीजन के 34वें मैच के दौरान गुजरात टाइटंस के ओपनिंग बल्लेबाज साई सुदर्शन ने इतिहास रचते हुए गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
आइए जानते हैं कि पारियों के लिहाज से IPL में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में कौन-कौन शामिल है।
ये 5 बल्लेबाज पारियों के लिहाज से IPL में सबसे तेज 2000 रन बनाने के मामले में सबसे आगे
1. साई सुदर्शन – 47 पारियां
साई सुदर्शन ने आईपीएल में सबसे कम पारियों में 2000 रन बनाकर नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने यह उपलब्धि महज 47 पारियों में हासिल की, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बहुत बड़ी बात है। उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खूबी है उनकी स्थिरता और शानदार तकनीक। सुदर्शन मुश्किल परिस्थितियों में भी शांत रहकर रन बनाते हैं और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ले जाते हैं। गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेली हैं।
2. क्रिस गेल – 48 पारियां
क्रिस गेल आईपीएल के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार हैं। उन्होंने 48 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे और काफी लंबे समय तक यह रिकॉर्ड उनके नाम रहा। गेल अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं। बड़े-बड़े शॉट्स मारने की उनकी क्षमता ने उन्हें “यूनिवर्स बॉस” का खिताब दिलाया।
यह भी पढ़ें: 25,973 रन और 957 विकेट… इस दिग्गज खिलाड़ी ने लिया संन्यास, 24 साल का करियर खत्म
3. शॉन मार्श – 52 पारियां
शॉन मार्श आईपीएल के पहले ऑरेंज कैप विजेता रहे हैं। उन्होंने 52 पारियों में 2000 रन पूरे किए। उनकी बल्लेबाजी में क्लास और स्थिरता साफ दिखती थी। मार्श ने पंजाब किंग्स के लिए कई शानदार पारियां खेलीं और टीम को अनेक महत्वपूर्ण जीत दिलाईं।
4. रुतुराज गायकवाड़ – 57 पारियां
रुतुराज गायकवाड़ ने अपनी बेहतरीन तकनीक और धैर्य के सहारे 57 पारियों में 2000 रन पूरे किए। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। गायकवाड़ की बल्लेबाजी में टाइमिंग और प्लेसमेंट बेहद कमाल का होता है। इसके अलावा जरूरत के हिसाब से आक्रामक अंदाज में भी रन बटोरने की क्षमता रखते हैं।
5. केएल राहुल – 60 पारियां
केएल राहुल आईपीएल के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने 60 पारियों में 2000 रन पूरे किए। राहुल अपनी स्थिरता और लंबी पारियां खेलने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई बार टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला और बड़े स्कोर बनाए हैं।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




