IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले टॉप-5 खिलाड़ी, कोहली ने धोनी-रोहित को छोड़ा पीछे
IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में विराट कोहली ने एमएस धोनी और रोहित शर्मा को पछाड़ दिया है। जानें टॉप-5 खिलाड़ियों में कौन-कौन शामिल है।

Top 5 players who played most matches in IPL: BCCI ने साल 2008 में बड़ा फैसला लिया और इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत की। इस लीग ने भारतीय क्रिकेट के साथ-साथ दुनिया भर में क्रांति लाने का काम किया और फ्रेंचाइजी टी20 लीग का चलन शुरू हो गया। हालांकि, अभी भी आईपीएल के आगे कोई अभी अन्य क्रिकेट लीग नहीं टिकती है, क्योंकि इसमें पैसों के साथ-साथ खिलाड़ियों की क्वालिटी भी टॉप की होती है। सबसे प्रमुख बात इसमें टीम इंडिया के दिग्गजों का खेलना है, जो अन्य लीगों में नहीं होता। इस लीग का 19वां सीजन जारी है। जिसमें रायपुर में खेले गए RCB vs KKR मैच में विराट कोहली ने आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने का रिकॉर्ड बना दिया है।
इस लेख में हम आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेल चुके टॉप 5 खिलाड़ियों का जिक्र करने जा रहे हैं।
इन 5 खिलाड़ियों ने खेले हैं IPL में सबसे ज्यादा मैच
1. विराट कोहली - 278 मैच
दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में एमएस धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। आईपीएल 2026 के 57वें मैच में उतरते ही विराट ने इस कारनामे को अंजाम दिया। कोहली 2008 से ही लीग का हिस्सा हैं और अब तक सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से ही सारे मुकाबले खेले हैं। उनके नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड भी है।
2. एमएस धोनी - 278 मैच
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी आईपीएल के पहले सीजन से ही लीग का हिस्सा हैं और उन्होंने 2025 तक हर सीजन में कम से कम एक मैच जरूर खेला था। इस सीजन पिंडली की चोट के कारण धोनी एक्शन में नजर नहीं आए हैं। लीग में धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ही ज्यादा मुकाबले खेले हैं। हालांकि, 2016 और 2017 में CSK पर लगे बैन के कारण उन्होंने राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स की तरफ से दो सीजन खेले थे।
3. रोहित शर्मा - 278 मैच
IPL 2026 में RCB vs MI मुकाबला रोहित के करियर का 278वां मैच रहा। 2008 में रोहित ने डेक्कन चार्जर्स की तरफ से करियर की शुरुआत की थी लेकिन 2011 में उनकी एंट्री मुंबई इंडियंस में हुई, जो एक ऐतिहासिक फैसला साबित हुआ। दो सीजन के बाद ही मुंबई की कमान रोहित के हाथ में आ गई और उन्होंने आठ सीजन में मुंबई इंडियंस को पांच बार चैंपियन बना दिया।
यह भी पढ़ें: IPL में सबसे ज्यादा बार 20+ विकेट लेने वाले गेंदबाज, भुवनेश्वर कुमार ने मलिंगा-बुमराह की बराबरी की
4. रवींद्र जडेजा - 265 मैच
IPL में बाएं हाथ के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। जडेजा ने अब तक राजस्थान रॉयल्स, कोच्ची टस्कर्स केरल, गुजरात लायंस और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया है। सबसे पहले जड्डू ने राजस्थान की फ्रेंचाइजी का ही प्रतिनिधित्व किया था और कई सालों बाद फिर से उसी का हिस्सा बन गए हैं।
5. दिनेश कार्तिक - 257 मैच
दिनेश कार्तिक IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले पांचवें खिलाड़ी हैं। कार्तिक ने 257 मुकाबले खेले हैं लेकिन ऊपर के सभी खिलाड़ियों की तुलना में सबसे ज्यादा फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं। कार्तिक ने अपने करियर में दिल्ली, मुंबई, पंजाब, कोलकाता, गुजरात और बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व किया है। अब वो इंडियन प्रीमियर लीग से रिटायर हो चुके हैं और RCB के बल्लेबाजी कोच व मेंटर बने हुए हैं।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




