3 खिलाड़ी जिनकी अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में हो सकती है सरप्राइज एंट्री
अफगानिस्तान के खिलाफ जून में एकमात्र टेस्ट के अलावा भारत को तीन वनडे मुकाबले भी खेलने हैं, जानिए किन 3 खिलाड़ियों की टीम इंडिया के ODI Squad में सरप्राइज एंट्री हो सकती है।

IND vs AFG ODI Series: आईपीएल 2026 के समाप्त होते ही भारतीय टीम की मैदान पर वापसी की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी, क्योंकि 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर मुकाबलों की सीरीज होनी है। सबसे पहले दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इसके बाद, 14 से 20 जून के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज की शुरुआत धर्मशाला में होगी, फिर 17 जून को लखनऊ में मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, तीसरा और अंतिम मैच चेन्नई में होगा।
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे स्क्वाड की घोषणा अभी नहीं हुई है। BCCI की सीनियर चयन समिति 19 मई को दोनों स्क्वाड का ऐलान करेगी। टेस्ट स्क्वाड के साथ-साथ वनडे टीम पर भी सभी की नजर रहने वाली है, क्योंकि यहीं से मिशन 2027 वर्ल्ड कप की शुरुआत मानी जा रही है। वैसे तो वनडे के लिए ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं जताई जा रही है लेकिन कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
ऐसे में हम उन 3 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के वनडे स्क्वाड में सरप्राइज एंट्री ले सकते हैं।
इन 3 खिलाड़ियों को अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में मिल सकता है मौका
1. ईशान किशन
ईशान किशन के लिए पिछले छह महीने काफी जबरदस्त साबित हुए हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कप्तानी और बल्ले से अपना जलवा दिखाया। इसके बाद, टीम इंडिया में उनकी वापसी हुई और टी20 वर्ल्ड कप खेलने में कामयाब रहे। वहीं, आईपीएल 2026 में भी किशन का बल्ला आग उगल रहा है। ईशान के लगातार अच्छे प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता उन्हें अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए चुन सकते हैं। ईशान के आने से बैकअप विकेटकीपर के साथ-साथ बैकअप ओपनर का भी विकल्प मिल जाएगा।
2. हार्दिक पांड्या
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए स्क्वाड में जगह मिल सकती है। हार्दिक ने 9 मार्च, 2025 को अपना आखिरी ODI मैच चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। तब से उन्होंने 50 ओवरों के फॉर्मेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं किया है। उनकी फिटनेस के कारण न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया था। हालांकि, अब हार्दिक को अफगानिस्तान के खिलाफ वापसी का मौका दिया जा सकता है। लेकिन इसके लिए उनकी पीठ की समस्या का दूर होना अहम है।
यह भी पढ़ें: RCB से हार के बाद भी पंजाब किंग्स कैसे बना सकती है प्लेऑफ में जगह? जानें पूरा समीकरण
3. प्रिंस यादव
लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की किस्मत अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए चमक सकती है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि प्रिंस को श्रीलंका में होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए इसीलिए नहीं चुना गया है, क्योंकि उनका चयन सीनियर टीम में हो सकता है। जसप्रीत बुमराह के अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में खेलने की संभावना न के बराबर है। इसी वजह से प्रिंस को चुना जा सकता है, जिन्होंने आईपीएल 2026 में अभी तक 12 मैचों में 16 विकेट झटके हैं और उनका इकॉनमी रेट भी 9 से कम का है।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




