IND vs NZ: तीसरे टी20 से भी बाहर हुए ईशान किशन, BCCI ने दिया बड़ा अपडेट
भारत और न्यूजीलैंड के बीच कीवी सरजमीं पर खेली जा रही 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले ही मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन चोटिल हो गए थे।

Ishan Kishan Injury Update: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज में टीम इंडिया जबरदस्त फॉर्म में चल रही है और पहले दोनों ही मुकाबले अपने नाम कर सीरीज में 2-0 से आगे हैं, लेकिन स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की चोट ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी है। सीरीज के पहले मुकाबले के दौरान चोटिल हुए विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की फिटनेस को लेकर नया अपडेट सामने आया है।
ईशान तेजी से रिकवर तो कर रहे हैं, लेकिन अभी पूरी तरह मैच खेलने के लिए फिट नहीं हुए हैं। इसी वजह से वह 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेले जाने वाले तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से भी बाहर हो गए हैं। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के पास एक बार फिर से प्लेइंग-11 में खेलने का मौका रहेगा। हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र टीम के साथ आगे बने रहेंगे।
पहले टी20 में चोटिल हुए थे ईशान किशन
ईशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मैच के दौरान चोट लगी थी। उन्हें दाएं पैर के एडडक्टर मसल में लो-ग्रेड स्ट्रेन हुआ था। इस चोट के बाद से ही उनकी फिटनेस पर नजर रखी जा रही थी। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनकी स्थिति को लेकर अपडेट जारी करते हुए साफ कर दिया है कि वह तीसरे टी20 मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
रिकवरी अच्छी, लेकिन मैच फिटनेस हासिल करना बाकी
BCCI के अपडेट के मुताबिक, ईशान किशन की रिकवरी अच्छी चल रही है। हालांकि, वह अभी मैच खेलने के लिए जरूरी फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनकी वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहता। BCCI की मेडिकल टीम लगातार उनकी प्रगति पर नजर बनाए हुए है और उनकी फिटनेस की निगरानी कर रही है।
ईशान किशन का तीसरे टी20 से बाहर होना भारतीय टीम के लिए अहम खबर है। टीम को उम्मीद होगी कि वह जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करें। हालांकि, उनकी वापसी की कोई निश्चित तारीख फिलहाल सामने नहीं आई है।
टीम के साथ बने रहेंगे कुमार कुशाग्र
ईशान किशन की गैरमौजूदगी में कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 मुकाबले के लिए भी भारतीय टीम के साथ बने रहेंगे। BCCI ने इसकी पुष्टि कर दी है। अब देखना होगा कि वेलिंगटन में होने वाले मुकाबले के लिए टीम इंडिया अपनी प्लेइंग इलेवन में क्या बदलाव करती है और विकेटकीपर की भूमिका किसे सौंपी जाती है।




