रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड टूटा, जोस बटलर ने मचाया तहलका
इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ साउथेम्पटन में खेले गए पहले टी20 मैच में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंद में 80 रन की पारी खेली।

Jos Buttler breaks Rohit Sharma's record: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जब भी बड़े बल्लेबाजों और उनके आंकड़ों की बात होती है, तो टीम इंडिया के रोहित शर्मा का नाम सबसे पहले आने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहता है। लंबे समय तक हिटमैन ने इस फॉर्मेट में अपनी अलग पहचान बनाई और कई बड़े मुकाम हासिल किए। लेकिन अब इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया है। बटलर ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर इतिहास रच दिया है।
जोस बटलर ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
इंग्लैंड के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने श्रींलंका के खिलाफ मंगलवार को खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में कमाल की पारी खेलकर रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। जोस बटलर ने इस मैच में 44 गेंद में 80 रन ठोके और वो इसके साथ ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रनों के मामले में रोहित शर्मा से आगे निकल गए हैं।
टी20 इंटरनेशनल में बटलर के नाम हुए रोहित से ज्यादा रन
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से 2024 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास ले चुके रोहित शर्मा के नाम 4231 रन हैं और वो इस फॉर्मेट में बाबर आजम के बाद दूसरे नंबर पर चल रहे थे, लेकिन बटलर ने 80 रन की पारी खेलने के साथ ही अब रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया और वो 4292 रन के साथ उनसे आगे निकल गए हैं।
यह भी पढ़े- भुवनेश्वर कुमार ने बताई अंदर की बात, टीम इंडिया से दूर होने का संकेत कब मिल गया था?
T20I में बाबर आजम के नाम हैं सबसे ज्यादा रन
रोहित शर्मा एक वक्त टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़े रनवीर बने हुए थे। लेकिन उन्हें पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने पीछे कर दिया। बाबर आजम इस वक्त 145 मैच में 4596 रन बनाकर नंबर वन पोजिशन पर चल रहे हैं। इसके बाद अब बटलर आ गए हैं। इस इंग्लिश बल्लेबाज ने 161 मैच में 4292 रन बनाए हैं, तो वहीं 159 मैच में रोहित शर्मा 4231 रन बनाकर तीसरे नंबर पर है। जिस तरह से बटलर फॉर्म में दिख रहे हैं, वो आने वाले वक्त में बाबर को पीछे कर टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़े बल्लेबाज बन सकते हैं।




