जोस बटलर को अचानक क्या हुआ? हॉस्पिटल से तस्वीर सामने आते ही मची खलबली! क्या लंबे समय तक होंगे बाहर?
इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर की अचानक ही एक तस्वीर सोशल मीडिया में आई है, जिससे हर कोई हैरान है। वो हॉस्पिटल में सर्जरी के बाद लेटे नजर आ रहे हैं।

Jos Buttler Injury: क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाला इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी अब मैदान से दूर रहकर एक अलग लड़ाई लड़ रहे है। हॉस्पिटल के बेड पर लेटे हुए इस खिलाड़ी की तस्वीर सामने आई है, जिसमें उनके पैर में ब्रेस बंधा हुआ है और वह अंगूठा दिखाकर खुद को मजबूत बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं। तस्वीर के साथ लिखे उनके शब्द भी काफी कुछ बयां करते हैं। आखिर बटलर के साथ ऐसा क्या हुआ कि अब उनके लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहने की आशंका जताई जा रही है?
जोस बटलर की हुई हैमस्ट्रिंग सर्जरी
इंग्लैंड के सीमित ओवरों के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर की बाईं हैमस्ट्रिंग की सर्जरी हुई है। उन्होंने सोमवार को इंस्टाग्राम पर हॉस्पिटल से अपनी तस्वीर साझा करते हुए बताया कि उनकी सर्जरी सफल रही है और अब वह रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं। तस्वीर में बटलर अस्पताल के बिस्तर पर लेटे नजर आए, जबकि उनके बाएं पैर में ब्रेस लगा हुआ था।
बटलर ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर
इस मुश्किल समय में भी बटलर का हौसला कम नहीं हुआ है। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “सर्जरी सफल रही और अब मैं ठीक हो रहा हूं। पहले से कहीं ज्यादा मोटिवेटेड महसूस कर रहा हूं!” उनके इस संदेश से साफ है कि वह चोट से उबरने और मैदान पर वापसी करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में लगी थी चोट
बटलर को यह चोट पिछले महीने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी थी। 24 सितंबर को हेडिंग्ले में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में बल्लेबाजी करते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी। इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए, हालांकि कुछ समय बाद दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे थे। अब सर्जरी के बाद उन्हें रिकवरी की लंबी प्रक्रिया से गुजरना होगा।
पाकिस्तान दौरे से बाहर, ऑस्ट्रेलिया सीरीज पर भी संकट
बटलर पहले ही पाकिस्तान में होने वाली इंग्लैंड की आगामी ट्राई-सीरीज से बाहर हो चुके हैं। इंग्लैंड की टीम इस सप्ताह के आखिर में पाकिस्तान के लिए रवाना होने वाली है। इसके अलावा नवंबर में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे में भी उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, उनकी वापसी में कितना समय लगेगा, इसकी आधिकारिक समयसीमा सामने नहीं आई है।
इस बीच इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बटलर के कॉन्ट्रैक्ट को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। ऐसे में अब इंग्लैंड के फैंस को इस अनुभवी खिलाड़ी की फिटनेस में सुधार और मैदान पर उनकी वापसी का इंतजार रहेगा।




