कितनी अमीर हैं SRH की CEO काव्या मारन? जल्द बनने जा रही हैं दुल्हन, जानिए कितनी है नेटवर्थ
आईपीएल की टीम सनराइजर्स हैदराबाद की मालकीन काव्या मारन जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही है। उनकी शादी अनिरूद्ध रविचंद्रन के साथ 21 नवंबर को ग्रीस में होगी।

Kavya Maran’s Net Worth: आईपीएल की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाली एक ऐसी शख्सियत इन दिनों चर्चा में हैं, जो अक्सर क्रिकेट स्टेडियम में अपनी टीम को चीयर करती नजर आती हैं। कभी आईपीएल ऑक्शन में खिलाड़ियों पर करोड़ों की बोली लगाते हुए तो कभी टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए उनकी तस्वीरें खूब वायरल होती हैं। लेकिन अब उनकी जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद की CEO काव्या मारन जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। ऐसे में उनकी शादी के साथ-साथ उनकी दौलत और नेटवर्थ को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। तो आइए जानते हैं कि आखिर काव्या मारन कितनी अमीर हैं?
ग्रीस में होगी काव्या मारन की शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंद्रन की शादी का समारोह 10 और 11 नवंबर को ग्रीस में आयोजित किया जा रहा है। शादी के कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हो चुके हैं, जबकि मुख्य विवाह समारोह 11 नवंबर को होने की जानकारी सामने आई है। इस खास मौके पर कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़े- आखिर विराट कोहली से क्या बोले थे केन विलियमसन? संन्यास से पहले की बातचीत का खुलासा
दिग्गज अभिनेता रजनीकांत भी ग्रीस पहुंच चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अनिरुद्ध रविचंद्रन की मौसी के पति हैं। एयरपोर्ट पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन भी उनके साथ नजर आए। वहीं, शादी के बाद 21 नवंबर को चेन्नई में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी रिसेप्शन को लेकर जानकारी साझा की गई है।
काव्या मारन के होने वाले पति अनिरुद्ध रविचंद्रन का भी फिल्मी दुनिया से खास रिश्ता है। वह अभिनेता रवि राघवेन्द्र और शास्त्रीय नृत्यांगना लक्ष्मी के बेटे हैं। वहीं, फिल्म निर्माता के. सुब्रमण्यम उनके दादा हैं। ऐसे में यह शादी कारोबार, क्रिकेट और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों के एक साथ आने का मौका बनने जा रही है।
कितनी अमीर हैं काव्या मारन?
अब बात करते हैं काव्या मारन की संपत्ति की। काव्या सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं। वह सन टीवी नेटवर्क की डायरेक्टर होने के साथ-साथ आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की CEO भी हैं। क्रिकेट फैंस उन्हें अच्छी तरह पहचानते हैं। आईपीएल के दौरान वह अक्सर स्टेडियम में अपनी टीम का हौसला बढ़ाती और ऑक्शन टेबल पर खिलाड़ियों के लिए रणनीति बनाती नजर आती हैं।
काव्या मारन की व्यक्तिगत नेटवर्थ को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी संपत्ति करीब 400 करोड़ रुपये बताई जाती है। इस आंकड़े की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, उनके पिता कलानिधि मारन की संपत्ति फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार लगभग 2.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 23,725 करोड़ रुपये बताई जाती है।
सन टीवी नेटवर्क के मालिक कलानिधि मारन की बेटी हैं काव्या मारन
कलानिधि मारन ने साल 1993 में सन टीवी नेटवर्क की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में यह कंपनी देश के बड़े क्षेत्रीय मीडिया नेटवर्कों में शामिल हुई। आज उनका कारोबारी साम्राज्य मीडिया और मनोरंजन के साथ क्रिकेट की दुनिया में भी अपनी मजबूत पहचान रखता है।




