एमएस धोनी को पीछे छोड़ने के बाद केएल राहुल की बड़ी ख्वाहिश, बोले- उनकी 5 IPL ट्रॉफियों की बराबरी करना चाहता हूं
IPL 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल ने एमएस धोनी को पीछे छोड़ने के बाद बड़ा बयान दिया। राहुल ने कहा कि वह धोनी की 5 IPL ट्रॉफियों की बराबरी करना चाहते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) आईपीएल (IPL) 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। टीम उतना अच्छा नहीं कर पाई है लेकिन व्यक्तिगत रूप से राहुल का प्रदर्शन बढ़िया रहा है। इसी बीच उन्होंने JioStar के शो ‘Superstars’ में अपने खेल, चिन्नास्वामी स्टेडियम से खास कनेक्शन और एमएस धोनी (MS Dhoni) से जुड़े एक बड़े माइलस्टोन पर खुलकर बात की।
केएल राहुल ने IPL के ऑल टाइम रन स्कोरर्स की लिस्ट में MS Dhoni को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, राहुल के लिए यह निजी उपलब्धि उतनी बड़ी नहीं है, जितनी बड़ी उनके लिए ट्रॉफी जीतने की चाहत है।
राहुल ने कहा,
"मुझे पता भी नहीं चला कि मैं IPL की ऑल टाइम रन स्कोरर्स लिस्ट में माही भाई से आगे निकल गया हूं। सच कहूं तो मैं एमएस धोनी की जिस उपलब्धि की बराबरी करना चाहूंगा, वह उनकी CSK के साथ जीती गई 5 IPL ट्रॉफियां हैं।"
चिन्नास्वामी से खास रिश्ता और युवा खिलाड़ियों पर बयान
केएल राहुल ने चिन्नास्वामी स्टेडियम को अपने लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि वह बचपन से इस मैदान पर खिलाड़ियों को देखकर बड़े हुए हैं और यहीं खेलने का सपना देखा करते थे।
RCB के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड पर उन्होंने कहा,
"मैं RCB के खिलाफ कुछ अलग नहीं करता। लेकिन चिन्नास्वामी मेरे लिए बहुत खास है। कुछ मैदान आपको अच्छी वाइब देते हैं और लगता है कि आप वहां अच्छा करेंगे।"
युवा खिलाड़ियों को सराहा, ओपनिंग को लेकर भी दी प्रतिक्रिया
राहुल ने युवा भारतीय बल्लेबाजों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि नई पीढ़ी के बल्लेबाज बेखौफ क्रिकेट खेल रहे हैं। राहुल के मुताबिक आज के युवा खिलाड़ी गेंदबाज के नाम या मैच की स्थिति से डरते नहीं हैं, बल्कि हर गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने की सोच रखते हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए ओपनिंग करने पर राहुल ने कहा कि टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करना उन्हें सहज महसूस कराता है। उन्होंने कहा,
"ओपनर के रूप में खेलना मेरे लिए आसान होता है। जब आपको अपनी भूमिका साफ पता होती है, तो तैयारी बेहतर होती है और गेम प्लान भी स्पष्ट रहता है।"
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




