रोहित-विराट को आउट करने वाला गेंदबाज चोटिल, दौरे से बाहर; इस खिलाड़ी की स्क्वाड में एंट्री
भारत के खिलाफ डेब्यू सीरीज में रोहित-विराट को आउट करने वाला गेंदबाज चोटिल, दौरे से बाहर; जानें किसे मिला मौका

New Zealand Tour of Bangladesh: 28 मार्च से शुरू हुए IPL 2026 का समापन 31 मई को होना है। इस दौरान कई बड़ी टीमों के प्रमुख खिलाड़ी भारत में चल रही इस लीग का हिस्सा होंगे। इसी वजह से इंटरनेशनल क्रिकेट में सीरीज कम देखने को मिलेंगी, लेकिन कुछ टीमें फिर भी मैदान पर एक्शन में नजर आएंगी। ऐसा ही एक दौरा बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच होने जा रहा है। दोनों टीमों के बीच व्हाइट-बॉल सीरीज बांग्लादेश में खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 17 अप्रैल से होगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कुछ दिनों पहले ही अपने वनडे और टी20आई स्क्वाड का ऐलान किया था, लेकिन अब एक अहम गेंदबाज़ के चोटिल होने के कारण टीम में बदलाव करना पड़ा है।
दरअसल, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज़ क्रिस्टियन क्लार्क चोट का शिकार हो गए हैं, जिसके चलते उन्हें बांग्लादेश दौरे से बाहर होना पड़ा है। 28 वर्षीय यह खिलाड़ी इस समय न्यूजीलैंड ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं, जहां इस सप्ताह की शुरुआत में श्रीलंका ए के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान कैच लेने की कोशिश में उनके दाहिने हाथ की उंगलियों के बीच की त्वचा फट गई। इसी चोट के कारण अब उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली सीरीज से बाहर होना पड़ा है।
बता दें कि लंबे कद के इस तेज गेंदबाज ने इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड के लिए भारत दौरे पर वनडे और टी20आई में डेब्यू किया था। राजकोट में खेले गए वनडे मुकाबले में क्लार्क ने प्रभावशाली गेंदबाज़ी करते हुए रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे तीन बड़े विकेट झटके थे। दाएं हाथ के इस पेसर ने अब तक चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल आठ विकेट अपने नाम किए हैं।
न्यूजीलैंड ने क्रिस्टियन क्लार्क की जगह बेन लिस्टर को किया शामिल
बांग्लादेश दौरे पर होने वाले छह व्हाइट बॉल मुकाबलों के लिए न्यूजीलैंड ने क्रिस्टियन क्लार्क समेत कुछ ही खिलाड़ियों को वनडे और टी20आई दोनों स्क्वाड में शामिल किया था। हालांकि, अब क्लार्क के बाहर होने के बाद, कीवी टीम ने बेन लिस्टर को रिप्लेसमेंट के रूप में चुना है, जो एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं।
यह भी पढ़ें: RR vs RCB Dream11 Prediction, IPL 2026- मैच 16, पिच रिपोर्ट, प्लेइंग 11 और फेंटेसी टीम
लिस्टर के पास वनडे में तीन और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 12 मैच खेलने का अनुभव है और श्रीलंका में न्यूजीलैंड ए की टीम का हिस्सा भी हैं। उन्होंने आखिरी बार 2024 में पाकिस्तान दौरे पर न्यूजीलैंड के लिए खेला था, हालांकि उन्हें पिछले साल जिम्बाब्वे में टेस्ट टीम में भी बुलाया गया था।
बेन सियर्स वनडे सीरीज का नहीं होंगे हिस्सा
न्यूजीलैंड को तीन वनडे मैचों की सीरीज में तेज गेंदबाज बेन सियर्स का साथ भी नहीं मिलेगा। सियर्स को पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन के लिए रावलपिंडीज ने विदेशी रिप्लेसमेंट के रूप में चुना है। इसी वजह से बांग्लादेश दौरे पर 50 ओवर के फॉर्मेट वाले मुकाबलों में हिस्सा नहीं लेंगे। हालांकि, उनके टी20 सीरीज के दूसरे मैच से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




