LA 2028 ओलंपिक के लिए ICC ने बताया पूरा क्वालिफिकेशन सिस्टम, इस तरह मिलेगी टीमों को एंट्री
USA के लॉस एंजिल्स में 2028 में खेल का सबसे बड़ा महाकुंभ होना है। इस ओलंपिक खेल में 128 साल के बाद एक बार फिर से क्रिकेट की वापसी होने जा रही है।

LA 2028 Olympics Cricket Qualification:क्रिकेट की दुनिया में अब एक और ऐतिहासिक मुकाबले की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। साल 2028 में लॉस एंजिलिस (LA) में होने वाले ओलंपिक खेलों में करीब 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर टीम इंडिया समेत दुनिया की कौन-कौन सी टीमें ओलंपिक में खेलने का टिकट हासिल करेंगी? क्या वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर टीमों का चयन होगा या इसके लिए अलग क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट खेला जाएगा? अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने LA 2028 ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन सिस्टम का पूरा खाका समझा दिया है।
LA 2028 ओलंपिक के लिए टीमें कैसे करेंगी क्वालिफाई
लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट खेला जाएगा और इसके लिए टीमों के चयन की प्रक्रिया भी धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। इसी बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पुरुष और महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए आखिरी क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट का शेड्यूल और फॉर्मेट घोषित कर दिया है। इसके तहत पुरुषों का अंतिम क्वालीफायर 5 से 13 फरवरी 2028 तक बांग्लादेश में आयोजित होगा, जबकि महिला टीमों का आखिरी क्वालीफायर 26 फरवरी से 5 मार्च 2028 तक अमेरिका में खेला जाएगा। ICC ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि इन टूर्नामेंट्स के जरिए टीमें किस तरह ओलंपिक का टिकट हासिल कर सकती हैं।
पुरुष और महिला क्वालीफायर में 8-8 टीमें लेंगी हिस्सा
ICC की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, पुरुष और महिला दोनों वर्गों के अंतिम क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट में 8-8 टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी।
ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल जीतने वाली टीम लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए आखिरी उपलब्ध क्वालिफिकेशन स्थान हासिल कर लेगी। प्रत्येक क्वालीफायर में कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे। यानी फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को ओलंपिक का टिकट हासिल करने के लिए ग्रुप स्टेज के साथ खिताबी मुकाबला भी जीतना होगा।
भारत समेत 4 महिला टीमें पहले ही कर चुकी हैं क्वालीफाई
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की बात करें तो भारत समेत चार टीमें पहले ही लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। इनमें भारत, ग्रेट ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।
इन टीमों ने अपने-अपने महाद्वीपीय क्षेत्रों में शीर्ष रैंकिंग वाली टीम होने के आधार पर ओलंपिक में जगह बनाई है। भारत ने एशिया, ग्रेट ब्रिटेन ने यूरोप, ऑस्ट्रेलिया ने ओशिनिया और दक्षिण अफ्रीका ने अफ्रीका से क्वालीफाई किया है। अब महिला वर्ग में दो स्थान बाकी हैं, जिनमें से एक मेजबान अमेरिका के लिए आरक्षित है और दूसरा अंतिम क्वालीफायर के जरिए तय होगा।
पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 6-6 टीमें खेलेंगी
LA 2028 ओलंपिक में पुरुष और महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। यानी दोनों वर्गों में कुल 12 टीमें ओलंपिक पदक के लिए मुकाबला करेंगी। दोनों प्रतियोगिताओं में एक-एक स्थान मेजबान देश अमेरिका के लिए आरक्षित रखा गया है। हालांकि, अमेरिका को इस स्थान का लाभ तभी मिलेगा, जब वह क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान ICC T20 टीम रैंकिंग में 15वें या उससे बेहतर स्थान पर रहेगा।
इसके अलावा पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए चार अन्य स्थान क्षेत्रीय रैंकिंग के आधार पर तय होंगे, जबकि आखिरी स्थान संबंधित क्वालिफायर टूर्नामेंट के विजेता को मिलेगा।
पुरुषों की टीमों का चयन कैसे होगा?
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चार क्वालिफिकेशन स्थान ICC पुरुष T20 टीम रैंकिंग के आधार पर तय किए जाएंगे। इसके लिए 31 दिसंबर 2026 को क्वालिफिकेशन अवधि समाप्त होने के समय की रैंकिंग को आधार बनाया जाएगा।
इस प्रक्रिया के तहत अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया क्षेत्र से सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम को ओलंपिक में जगह मिलेगी। इसके बाद अमेरिका का मेजबान कोटा और बांग्लादेश में होने वाले अंतिम क्वालीफायर का विजेता बाकी दो स्थानों को पूरा करेंगे।
इस तरह पुरुष वर्ग में भी छह टीमें लॉस एंजिल्स ओलंपिक में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगी।
128 साल बाद ओलंपिक में लौटेगा क्रिकेट
क्रिकेट के लिए LA 2028 ओलंपिक बेहद ऐतिहासिक होने वाला है। इससे पहले क्रिकेट सिर्फ एक बार 1900 के पेरिस ओलंपिक में खेला गया था। अब 128 साल के लंबे अंतराल के बाद यह खेल फिर ओलंपिक कार्यक्रम का हिस्सा बनने जा रहा है।
ऐसे में भारतीय फैंस की नजरें खास तौर पर टीम इंडिया पर रहेंगी। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय टीमों के ओलंपिक में खेलने और पदक जीतने की उम्मीदें होंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्वालिफिकेशन की इस पूरी प्रक्रिया के बाद किन छह-छह टीमों को दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच पर अपना दम दिखाने का मौका मिलता है।




