RR के 20 साल के खिलाड़ी का तूफानी धमाका, 13 साल पुराना क्रिस गेल का रिकॉर्ड किया ध्वस्त!
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स से खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के एक 20 वर्षीय बल्लेबाज ने टी20 में धमाका करते हुए 188 रन की पारी खेलकर क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा।

Lhuan-dri Pretorius made history: क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड बनते हैं और टूटते भी हैं, लेकिन जब कोई युवा खिलाड़ी महज 20 साल की उम्र में ऐसा कारनामा कर दे, जो 13 साल से दिग्गज क्रिस गेल के नाम दर्ज था, तो कहानी अपने आप खास बन जाती है। राजस्थान रॉयल्स के एक युवा सितारे ने ऐसा ही धमाका कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। उसने अपनी शानदार बल्लेबाजी से न सिर्फ इतिहास रचा, बल्कि एक ऐसे रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया, जिसे इतने लंबे वक्त से कोई छू तक नहीं पाया था।
दक्षिण अफ्रीका के लुआन ड्रि प्रिटोरियस का मैदान में आया तूफान
साउथ अफ्रीका के महज 20 वर्षीय युवा ओपनर लुआन ड्रि प्रिटोरियस ने टी20 क्रिकेट में ऐसा तूफान मचाया, जिसने रिकॉर्ड बुक को ही हिला दिया। CSA T20 चैलेंज में टाइटंस की ओर से खेलते हुए प्रिटोरियस ने नाइट्स के खिलाफ ब्लोमफॉन्टेन में सिर्फ 79 गेंदों पर नाबाद 188 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चौकों-छक्कों की ऐसी बारिश हुई कि वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में किसी बल्लेबाज के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के नए वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर बन गए।
79 गेंद में ठोके 188 रन
हालांकि, प्रिटोरियस के पास इतिहास का पहला टी20 दोहरा शतक लगाने का सुनहरा मौका भी था, लेकिन वह 200 रन से महज 12 रन दूर रह गए। इसके बावजूद उनकी 188 रनों की पारी ने उन्हें टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स में से एक का मालिक बना दिया।
क्रिस गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
प्रिटोरियस के इस विस्फोटक प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने क्रिस गेल के 13 साल पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। साल 2013 में आईपीएल के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए गेल ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ महज 66 गेंदों में नाबाद 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। लंबे समय तक यह टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बना रहा, लेकिन अब 20 साल के प्रिटोरियस ने 188 रन की पारी के साथ गेल को पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह भी है कि यह प्रिटोरियस के टी20 करियर का तीसरा शतक है और इसी पारी के साथ उन्होंने ‘यूनिवर्स बॉस’ के उस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया, जो करीब 13 साल तक कायम रहा था।
यह भी पढ़े- 8 साल पुराना रिश्ता टूटने की कगार पर! अभिषेक शर्मा क्यों छोड़ना चाहते हैं SRH?
13 चौकों और 15 छक्कों से हिला डाली रिकॉर्ड बुक
दाएं और बाएं दोनों शैली से बल्लेबाजी करने वाले इस युवा ओपनर ने मैदान पर उतरते ही ऐसा कहर बरपाया कि नाइट्स के गेंदबाजों के पास उनके तूफान का कोई जवाब नहीं था। प्रिटोरियस ने महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद उनकी रफ्तार और भी खतरनाक हो गई और सिर्फ अगली 16 गेंदों में शतक ठोककर उन्होंने महज 40 गेंदों में सेंचुरी पूरी कर ली। इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और देखते ही देखते उन्होंने 150 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया। आखिरकार 79 गेंदों पर नाबाद 188 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी में उन्होंने 13 छक्के और 15 चौके लगाए। उनकी इस आतिशी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नाइट्स के हर गेंदबाज की इकॉनमी रेट 11 रन प्रति ओवर से ऊपर पहुंच गई।




